इंदौर में दो चार्टर्ड बसों की टक्कर के बाद ढाबे में घुसी बस, दीवार तोड़कर किचन तक पहुंची, चालक गजराज घायल
धार रोड पर रविवार सुबह हुआ हादसा, चंदन नगर पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर बस जब्त की, सभी यात्री सुरक्षित

जनोदय पंच। इंदौर के धार रोड पर रविवार सुबह दो चार्टर्ड बसों की टक्कर हो गई। इसके बाद एक बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित ढाबे की दीवार तोड़ते हुए किचन में जा घुसी। हादसे में बस चालक घायल हुआ, जबकि सभी यात्री सुरक्षित रहे।
टक्कर के बाद ढाबे की दीवार तोड़कर किचन में घुसी बस
इंदौर के चंदन नगर थाना क्षेत्र में रविवार सुबह दो चार्टर्ड बसों के बीच टक्कर हो गई। हादसे के बाद एक बस चालक के नियंत्रण से बाहर हो गई और सड़क किनारे स्थित शेरे पंजाब ढाबे में जा घुसी। बस ढाबे की दीवार तोड़ते हुए सीधे किचन तक पहुंच गई। घटना में ढाबे को नुकसान पहुंचा।
डीजल भरवाने पेट्रोल पंप जा रही थी बस
जानकारी के मुताबिक, चार्टर्ड बस सर्विस की एक बस चंदन नगर से ग्रीन पार्क की ओर पेट्रोल पंप पर डीजल भरवाने जा रही थी। इसी दौरान चालक ने बस को पेट्रोल पंप की तरफ मोड़ा। तभी धार रोड की ओर से आ रही दूसरी चार्टर्ड बस से उसकी टक्कर हो गई।
टक्कर के बाद धार रोड की ओर से आ रही बस अनियंत्रित होकर शेरे पंजाब ढाबे में जा घुसी।
चालक गजराज घायल, यात्री सुरक्षित
हादसे में बस चालक गजराज को चोटें आईं। राहत की बात यह रही कि बस में सवार यात्रियों और ढाबे पर मौजूद अन्य लोगों को कोई गंभीर चोट नहीं आई।
पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर बस जब्त की
घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चालक को गिरफ्तार कर बस जब्त कर ली। पुलिस ने मामला दर्ज कर चालक के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।



