बड़वानी में ब्लैक आउट और अग्नि शमन मॉक ड्रिल, रोप रेस्क्यू से लेकर राहत-बचाव तक परखा गया आपातकालीन तंत्र
नवलपुरा में एसडीईआरएफ, होमगार्ड, जिला अस्पताल और नगरपालिका की संयुक्त टीम ने किया त्वरित राहत-बचाव का प्रदर्शन

जनोदय पंच। बड़वानी के नवलपुरा क्षेत्र में शनिवार रात ब्लैक आउट, राहत-बचाव और अग्नि शमन की मॉक ड्रिल आयोजित की गई। इसमें विभिन्न विभागों की संयुक्त टीमों ने आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई, घायलों को सुरक्षित निकालने, रोप रेस्क्यू और आग बुझाने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया।
बड़वानी, 18 अक्टूबर 2026। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (SDMA), मध्य प्रदेश शासन, भोपाल द्वारा जारी आदेश तथा कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी बड़वानी के निर्देशानुसार शनिवार रात 8 बजे कसरावद रोड स्थित नवलपुरा क्षेत्र में विशेष राहत-बचाव एवं अग्नि शमन मॉक ड्रिल आयोजित की गई। संपूर्ण अभ्यास जिला सेनानी होमगार्ड एवं एसडीईआरएफ शरदचंद्र राय के नेतृत्व में संपन्न हुआ।

मॉक ड्रिल के दौरान आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने, ब्लैक आउट के समय त्वरित राहत कार्य संचालित करने और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय का परीक्षण किया गया। अभ्यास की शुरुआत ब्लैक आउट की स्थिति में आपात संदेश के साथ हुई। सूचना मिलते ही होमगार्ड, एसडीईआरएफ और सिविल डिफेंस की टीमों ने मोर्चा संभाला।
घायलों को सुरक्षित निकालकर अस्पताल पहुंचाया
अभ्यास के दौरान आपदा स्थल से घायलों को तत्काल सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके बाद एम्बुलेंस के माध्यम से उन्हें जिला अस्पताल रवाना किया गया। इस प्रक्रिया के जरिए आपात स्थिति में घायलों को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने और अस्पताल तक पहुंचाने की व्यवस्था का प्रदर्शन किया गया।

रोप रेस्क्यू और अग्नि शमन का प्रदर्शन
मॉक ड्रिल में बहुमंजिला इमारत की छत पर फंसे एक व्यक्ति को एसडीईआरएफ की टीम ने रोप रेस्क्यू तकनीक का इस्तेमाल कर सुरक्षित नीचे उतारा। इसके बाद नगरपालिका की फायर ब्रिगेड टीम ने नियंत्रित तरीके से अग्नि शमन की प्रभावी कार्रवाई की।
विभिन्न विभागों की टीमों ने लिया भाग
अभ्यास में जिला चिकित्सालय अधिकारी डॉ. राहुल पाटीदार और उनकी मेडिकल टीम, नगर पालिका के फायरमैन फरहान शेख एवं फायर ब्रिगेड टीम, एसडीआरएफ और होमगार्ड के अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए। इनके साथ युवा आपदा मित्र और सिविल डिफेंस के वालंटियर्स ने भी सक्रिय भागीदारी की।

आपदा के समय त्वरित कार्रवाई करना उद्देश्य
प्रशासन के अनुसार, इस तरह की मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य प्राकृतिक या मानव निर्मित आपदाओं के दौरान प्रतिक्रिया समय को न्यूनतम करना और जन-धन की हानि को रोकना है। अभ्यास के माध्यम से आपातकालीन सेवाओं की तैयारियों और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय को परखा गया।



