
जनोदय पंच। अभिनेता पर हमले की कथित साजिश की जांच के दौरान इंदौर में एक इंजीनियर को हिरासत में लिया गया है। जांच एजेंसियों को संदेह है कि उसने कथित तौर पर शूटरों को जरूरी मदद उपलब्ध कराई थी। मामले में अब तक 10 आरोपियों की गिरफ्तारी की जानकारी सामने आई है।
परदेशीपुरा इलाके से हिरासत में लिया
अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हमले की कथित साजिश के मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच ने इंदौर क्राइम ब्रांच की मदद से परदेशीपुरा इलाके से इंजीनियर प्रांजल ठाकरान को हिरासत में लिया है। प्रांजल मूल रूप से हरियाणा के सोनीपत का निवासी बताया गया है। जांच एजेंसियों को संदेह है कि उसने कथित तौर पर शूटरों को लॉजिस्टिक और अन्य जरूरी मदद उपलब्ध कराई थी।
भाई के उपचार के लिए इंदौर पहुंचा था
जानकारी के मुताबिक, प्रांजल के भाई का हरियाणा के सोनीपत में उपचार चल रहा था। डॉक्टरों ने आगे के इलाज और रोबोटिक सर्जरी के लिए उसे इंदौर रेफर किया था। इसके बाद प्रांजल का भाई पिछले पांच महीनों से इंदौर में उपचार करा रहा था।
बताया जा रहा है कि प्रांजल भी पांच दिन पहले अपने भाई को देखने इंदौर पहुंचा था। इसी दौरान मुंबई क्राइम ब्रांच की टीम को उसकी लोकेशन इंदौर में मिली। इसके बाद मुंबई की टीम इंदौर पहुंची और स्थानीय क्राइम ब्रांच की मदद से उसे हिरासत में ले लिया।
शूटरों से संपर्क और लॉजिस्टिक मदद की जांच
शुरुआती जानकारी के अनुसार, जांच एजेंसियां प्रांजल की कथित भूमिका, शूटरों से उसके संपर्क और लॉजिस्टिक सहायता उपलब्ध कराने से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही हैं। इसके साथ ही हथियारों की व्यवस्था और हमले की कथित साजिश में उसकी संभावित भूमिका का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
अब तक 10 आरोपियों की गिरफ्तारी
इस मामले में मुंबई पुलिस और एसटीएफ की कार्रवाई के तहत अब तक कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें सात आरोपी हरियाणा के सोनीपत जिले से जुड़े बताए जा रहे हैं। फिलहाल, प्रांजल से पूछताछ के आधार पर मामले में अन्य लोगों की भूमिका और संभावित संपर्कों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।



