बड़वानी पुलिस लाइन में दशहरे पर शस्त्र-वाहन पूजन, कलेक्टर और एसपी ने हर्ष फायर कर जिले की सुख-शांति की कामना की
वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ हवन और पूजन, जिले के सभी थानों में भी निभाई गई परंपरा

रमन बोरखड़े। जनोदय पंच। बड़वानी में विजयादशमी पर पुलिस लाइन में शस्त्र और वाहन पूजन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन-पूजन हुआ। अधिकारियों ने हर्ष फायर कर जिलेवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। जिले के सभी थानों में भी शस्त्र पूजन किया गया।
वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ पूजन
भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा के अनुरूप विजयादशमी के अवसर पर रक्षित केंद्र (डीआरपी लाइन), बड़वानी में पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल के नेतृत्व में शस्त्र एवं वाहन पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह और पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल ने धार्मिक विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन-पूजन, शस्त्र पूजन तथा शासकीय वाहनों का पूजन किया। पूजन के बाद परंपरा के अनुसार दोनों अधिकारियों ने हर्ष फायर किया और जिलेवासियों को विजयादशमी की शुभकामनाएं दीं।

सुख-शांति और कानून-व्यवस्था की कामना
रक्षित केंद्र में उपस्थित अधिकारियों और पुलिस जवानों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार अस्त्र-शस्त्रों और पुलिस विभाग के वाहनों की पूजा-अर्चना की। इस दौरान बड़वानी जिले में सुख-शांति, आपसी सौहार्द और मजबूत कानून-व्यवस्था बनाए रखने की कामना की गई। जिला पुलिस लाइन के साथ जिले के सभी थाना परिसरों में भी संबंधित थाना प्रभारियों और पुलिस बल ने शस्त्र पूजन किया।

त्योहार प्रेम और भाईचारे से मनाने की अपील
मीडिया से चर्चा के दौरान अधिकारियों ने कहा कि भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं के अनुरूप पुलिस लाइन बड़वानी में कलेक्टर, पुलिस प्रशासन, पुलिस परिवार और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में शस्त्र एवं वाहन पूजन संपन्न हुआ। उन्होंने कहा कि जिस तरह जिले में पूर्व के त्योहार शांति, सौहार्द और सुखद वातावरण में मनाए गए हैं, उसी तरह आगे भी सभी नागरिक आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द के साथ त्योहार मनाएं। बड़वानी जिला प्रशासन और पुलिस बल जिले में कानून-व्यवस्था तथा शांति बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।

जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की रही उपस्थिति
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष अजय यादव, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती अश्विनी निक्कू चौहान और पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेम सिंह पटेल उपस्थित रहे। प्रशासनिक अधिकारियों में जिला पंचायत सीईओ अर्पित गुप्ता, सहायक कलेक्टर माधव अग्रवाल, अपर कलेक्टर श्रीमती हेमलता सोलंकी, एसडीएम भूपेंद्र रावत, तहसीलदार राहुल सोलंकी और जेल अधीक्षक शैफाली तिवारी शामिल रहे।
पुलिस विभाग की ओर से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर, एसडीओपी बड़वानी रोहित अलावा, होमगार्ड कमांडेंट शरद चंद्र राय, थाना प्रभारी कोतवाली बड़वानी निरीक्षक बलजीत सिंह बिसेन, रक्षित निरीक्षक गजेंद्र निगवाल, उषा सिसोदिया और सूबेदार अलका वास्केल मौजूद रहे। कार्यक्रम में पुलिस विभाग के अधिकारी-जवान और मीडिया प्रतिनिधि भी उपस्थित थे।



