बड़वानी: बलात्कार के मामले में फरार आरोपी महाराष्ट्र के पाछोरा से गिरफ्तार, न्यायालय के आदेश पर जेल भेजा
नागलवाड़ी पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना पर की कार्रवाई, पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में किया पेश

जनोदय पंच। बड़वानी जिले के नागलवाड़ी थाना पुलिस ने बलात्कार के मामले में फरार आरोपी को महाराष्ट्र के पाछोरा से गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी को मेडिकल परीक्षण के बाद राजपुर न्यायालय में पेश किया, जहां से आदेश मिलने पर उसे केंद्रीय जेल बड़वानी भेज दिया गया।
नागलवाड़ी, 18 अक्टूबर 2026। पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को गंभीर अपराधों, विशेषकर अपहरण और बलात्कार के मामलों में फरार आरोपियों की त्वरित गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे।
इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर और एसडीओपी सेंधवा अजय वाघमारे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी नागलवाड़ी के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई।
तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई
पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 18 अक्टूबर 2026 को आरोपी बबलू पिता शोभाराम डावर (35 वर्ष), निवासी गविंदी फाल्या, कालापाट को महाराष्ट्र के पाछोरा से हिरासत में लिया। आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 269/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64(1), 64(2)(एफ) और 351(3) में प्रकरण दर्ज है।
न्यायालय के आदेश पर केंद्रीय जेल भेजा
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर नियमानुसार गिरफ्तारी पंचनामा तैयार किया। इसके बाद उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया और राजपुर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। न्यायालय के आदेशानुसार आरोपी को केंद्रीय जेल बड़वानी भेज दिया गया।\
पुलिस टीम की रही भूमिका
इस कार्रवाई में नागलवाड़ी थाना प्रभारी निरीक्षक रामकुमार पाटील, उपनिरीक्षक कमल किशोर चौहान, आरक्षक 424 अरुण राठौड़ और आरक्षक 172 रोहित साल्वे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



