बड़वानी में UDISE अपडेट में बड़ी लापरवाही, जिला परियोजना समन्वयक को नोटिस; सात दिन में देना होगा जवाब
नामांकन और छात्र-शिक्षक प्रोफाइल अपडेट करने में पिछड़ने पर राज्य शिक्षा केंद्र सख्त, जवाब नहीं मिलने पर एकतरफा कार्रवाई की चेतावनी

जनोदय पंच। बड़वानी। जिले में UDISE के तहत विद्यार्थियों के नामांकन और छात्र-शिक्षक प्रोफाइल अपडेट करने की धीमी प्रगति पर राज्य शिक्षा केंद्र ने सख्ती दिखाई है। निर्धारित समयसीमा तक कार्य पूरा नहीं होने पर जिला परियोजना समन्वयक को कारण बताओ नोटिस जारी कर सात दिन में स्पष्टीकरण मांगा गया है।
नामांकन और प्रोफाइल अपडेट में पिछड़ा जिला
संचालक हरजिंदर सिंह ने बताया कि बड़वानी जिले में UDISE के कार्यों की प्रगति बेहद कम है। इसे निर्देशों की अनदेखी और गंभीर लापरवाही मानते हुए जिला परियोजना समन्वयक को नोटिस जारी किया गया है। राज्य शिक्षा केंद्र ने 31 अगस्त 2026 तक शत-प्रतिशत नामांकन पूरा करने के निर्देश दिए थे।

19,202 विद्यार्थियों का अंतर लंबित
आंकड़ों के अनुसार, शैक्षणिक सत्र 2025-26 में जिले में विद्यार्थियों की संख्या 2,82,274 थी, जबकि सत्र 2026-27 में यह संख्या 2,63,072 दर्ज की गई। दोनों सत्रों के आंकड़ों में 19,202 विद्यार्थियों का अंतर लंबित है।
53 प्रतिशत छात्र प्रोफाइल का ही काम पूरा
जिले में कुल 2,81,895 विद्यार्थियों में से 1,32,721 विद्यार्थियों की छात्र प्रोफाइल अपडेट होना लंबित है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, छात्र प्रोफाइल अपडेट का कार्य 53 प्रतिशत पूरा हुआ है। वहीं, जिले के 2,948 स्कूलों में से 804 स्कूलों की जानकारी अपडेट होना बाकी है। स्कूलों की जानकारी अपडेट करने का कार्य 73 प्रतिशत पूरा हुआ है।
सात दिन में स्पष्टीकरण देने के निर्देश
राज्य शिक्षा केंद्र ने इस स्थिति को सिविल सेवा नियमों का उल्लंघन माना है। जिला परियोजना समन्वयक से सात दिन के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया है। निर्धारित अवधि में जवाब नहीं मिलने पर एकतरफा कार्रवाई करने की चेतावनी भी दी गई है।



