सेंधवा में शराब मुक्ति के लिए निशुल्क शिविर 6 सितंबर को, स्वास्थ्य परीक्षण के साथ ब्लड इन्वेस्टिगेशन और दवा वितरण
प्रेमसुख हॉस्पिटल के नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र द्वारा आयोजित होगा शिविर, शराब छोड़ने के इच्छुक लोगों से समझदार व्यक्ति साथ लाने की अपील

जनोदय पंच। सेंधवा में भारत नशा मुक्ति अभियान के तहत प्रेमसुख हॉस्पिटल के नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र द्वारा 6 सितंबर को शराब मुक्ति के लिए निशुल्क शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में स्वास्थ्य परीक्षण, ब्लड इन्वेस्टिगेशन और दवाइयों का निशुल्क वितरण किया जाएगा।
6 सितंबर को आयोजित होगा निशुल्क शिविर
सेंधवा में पिछले कई महीनों से प्रेमसुख हॉस्पिटल द्वारा संचालित नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र के माध्यम से शराब मुक्ति से संबंधित कई शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में रविवार, 6 सितंबर 2026 को शराब मुक्ति के लिए निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, ब्लड इन्वेस्टिगेशन एवं दवाई वितरण शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक प्रेमसुख हॉस्पिटल, नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र, संत विनोबा मार्ग, सेंधवा में आयोजित होगा।
नशे की बुराई के प्रति जागरूकता का उद्देश्य
इस प्रकार के नशा मुक्ति शिविर आयोजित करने का मुख्य उद्देश्य समाज में व्याप्त नशे की बुराई को कुछ हद तक समाप्त करना है। इसके साथ ही नशा मुक्ति के लिए चलाए जा रहे जागरूकता अभियान के माध्यम से नई पीढ़ी को नशे से बचने के लिए समझाइश देना भी इसका उद्देश्य है। वर्तमान में विभिन्न प्रकार के नशे की आदत जिस प्रकार फैशन का रूप लेती जा रही है, वह नई पीढ़ी के विकास में बाधा बनती जा रही है।
पिछले शिविरों में मिले अच्छे परिणाम
केंद्र के अनुसार, पिछले शिविरों में जिन लोगों ने शराब मुक्ति के लिए दवाइयां ली थीं, उनमें कई लोगों की शराब छूट गई और इसके बहुत अच्छे परिणाम सामने आए हैं।
साथ में लाना होगा एक समझदार व्यक्ति और आधार कार्ड
शिविर में जो व्यक्ति शराब का नशा छोड़ना चाहते हैं, वे अपने घर से किसी एक समझदार व्यक्ति को साथ लेकर आएं। साथ ही अपना आधार कार्ड भी लेकर आना होगा। यह जानकारी केंद्र के संचालक डॉ. एम. के. जैन ने दी।



