सेंधवा। वन अधिकार, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क-बिजली और रोजगार के मुद्दों को लेकर विधायक मोंटू सोलंकी ने किया ग्रामीणों से संवाद

सेंधवा। सेंधवा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न ग्रामों में विधायक श्री मोंटू सोलंकी ने ग्रामीणों एवं कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर क्षेत्र की समस्याओं को लेकर संवाद किया। ग्राम चिलारिया में साथी कार्यकर्ताओं द्वारा विधायक श्री मोंटू सोलंकी का आत्मीय स्वागत किया गया।
ग्राम पंचायत डोकल्यापानी में स्कूलों के निरीक्षण, वन अधिकार पट्टे, स्वास्थ्य, बिजली, सड़क तथा बढ़ती महंगाई सहित विभिन्न समस्याओं पर ग्रामीणों से चर्चा की गई। इस दौरान विधायक ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों से निराकरण के संबंध में चर्चा की।

ग्राम पंचायत अजगरिया में ग्रामीणों ने नेटवर्क की समस्या, सड़क, बिजली, स्कूल भवन तथा वन अधिकार पट्टों से संबंधित समस्याएं विधायक के सामने रखीं। विधायक श्री सोलंकी ने समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों से चर्चा करने की बात कही।
ग्राम पंचायत उमरियापानी के चिवड़िया माल सोलंकी फलिया में क्षतिग्रस्त पुलिया एवं सड़क की समस्या सामने आई। विधायक ने मौके की समस्या को लेकर जिम्मेदार अधिकारियों से बात कर शीघ्र निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। वहीं उमरियापानी के पांडिया फलिया में ग्रामीणों ने सड़क एवं बिजली की समस्या के साथ वन ग्राम को राजस्व ग्राम बनाने की मांग रखी।

बैठकों के दौरान वन अधिकार पट्टे, शिक्षा, स्वास्थ्य, बेरोजगारी, महंगाई एवं किसानों की समस्याओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई। विधायक श्री मोंटू सोलंकी ने कहा कि जंगल पूरी तरह खत्म होते जा रहे हैं, लेकिन जो जंगल और वनभूमि बची है, उसमें भी आदिवासी किसानों को वन अधिकार पट्टे नहीं दिए जा रहे हैं। सेंधवा विधानसभा क्षेत्र में अभी भी लगभग 8 हजार वन अधिकार पट्टे लंबित हैं।

विधायक ने कहा कि जिन किसानों को वन अधिकार पट्टे मिल चुके हैं, उन्हें किसान सम्मान निधि, राशन, कुटीर सहित सरकार की अन्य योजनाओं का लाभ मिल रहा है। इसके बावजूद वन अधिकार पट्टाधारी किसानों की जमीन को मां नर्मदा के सिंचाई जल से वंचित रखना न्यायसंगत नहीं है। उन्होंने कहा कि माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना का पानी कई क्षेत्रों में नहीं पहुंच रहा है और जहां पानी पहुंच रहा है, वहां भी वन अधिकार पट्टे वाली जमीन को इसका पर्याप्त लाभ नहीं मिल रहा है। इसके लिए हमें मिलकर अपने अधिकार की लड़ाई लड़नी होगी। मैं लगातार आपकी लड़ाई लड़ रहा हूं और आप सभी को भी अपने हक के लिए आवाज उठानी होगी।

बढ़ती महंगाई पर विधायक श्री सोलंकी ने कहा कि आज खाद, तेल, शक्कर सहित रोजमर्रा की जरूरतों की वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। डीएपी खाद जो पहले करीब 1200 रुपये में मिलती थी, आज 2000 रुपये से अधिक में मिल रही है, जबकि किसानों की फसलों के दाम उस अनुपात में नहीं बढ़ रहे हैं। महंगाई का सीधा असर किसान, मजदूर और आम परिवार पर पड़ रहा है।
शिक्षा व्यवस्था को लेकर विधायक ने कहा कि सेंधवा विधानसभा क्षेत्र के 160 स्कूल शिक्षक विहीन हैं। जब स्कूलों में शिक्षक ही नहीं होंगे तो ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चे कैसे पढ़ाई करेंगे। बच्चों को बेहतर शिक्षा देना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने परीक्षा व्यवस्था में हो रही अनियमितताओं एवं पेपर लीक जैसी घटनाओं पर भी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि बच्चों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ नहीं होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि युवा पढ़-लिखकर भी रोजगार के लिए भटक रहे हैं। क्षेत्र में रोजगार के अवसरों की कमी के कारण बड़ी संख्या में युवा महाराष्ट्र और गुजरात सहित अन्य राज्यों में पलायन करने को मजबूर हैं। रोजगार के अभाव में परिवारों को अपना घर और गांव छोड़ना पड़ रहा है।
स्वास्थ्य व्यवस्था पर विधायक ने कहा कि कई स्थानों पर अस्पताल भवन बनकर तैयार हैं, लेकिन डॉक्टर एवं आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध नहीं होने के कारण मरीजों को उपचार के लिए दूर-दराज के अस्पतालों में जाना पड़ता है। ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए।
विधायक श्री मोंटू सोलंकी ने कहा कि क्षेत्र की जनता की सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य, वन अधिकार एवं रोजगार जैसी मूलभूत समस्याओं को लेकर वे लगातार शासन-प्रशासन के समक्ष आवाज उठा रहे हैं और आगे भी ग्रामीणों के अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रहेगा।
इस दौरान आगामी 19 सितंबर को संसद में नेता प्रतिपक्ष श्री राहुल गांधी जी के छात्र संवाद कार्यक्रम को लेकर भी ग्रामीणों एवं कार्यकर्ताओं से चर्चा की गई।
बैठक में धवली ब्लॉक अध्यक्ष श्री दीपक कनोजे, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष श्री उमराव पटेल, पूर्व जनपद सदस्य श्री मुकेश डावर, श्री शोभाराम सोलंकी, गांव पटेल, गांव डाहला एवं गांव वारती सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



