खेतिया में गरबा प्रतियोगिता में उमड़ी मातृशक्ति, महामंडलेश्वर विमला शर्मा ने सनातन धर्म और एकजुटता का दिया संदेश
पांच से 60 वर्ष तक की महिलाओं ने लिया भाग, कन्या पूजन के साथ विजेताओं को किया पुरस्कृत

जनोदय पंच। मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र को जोड़ने वाले खेतिया नगर में नवरात्रि के अवसर पर गरबा मंडलों की नृत्य प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें पांच से 60 वर्ष तक की महिलाओं ने भाग लिया। कार्यक्रम में धार्मिक उद्बोधन, कन्या पूजन, पुरस्कार वितरण और वृक्षारोपण सहित विभिन्न गतिविधियां हुईं।
गरबा प्रतियोगिता में महिलाओं ने लिया हिस्सा
नवरात्रि में मां शक्ति की उपासना के लिए आयोजित गरबा नृत्य प्रतियोगिता में नगर की मातृशक्ति ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पांच वर्ष से लेकर 60 वर्ष तक की महिलाओं की सहभागिता रही। कार्यक्रम के दौरान प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया और कन्या पूजन भी किया गया।

महामंडलेश्वर विमला शर्मा ने दिया एकजुटता का संदेश
कार्यक्रम में महामंडलेश्वर विमला शर्मा (विमलानंद महाराज) ने मां की विशेष आराधना की और सत्य सनातन धर्म के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने पंच परिवर्तन के माध्यम से हिंदू समाज को एकजुट करने पर जोर दिया।
महामंडलेश्वर ने वर्तमान समय में महिलाओं की भूमिका पर विचार रखते हुए उन्हें दो परिवारों की धुरी बताया। उन्होंने बेटियों को सनातन विरोधी विचारों से सजग रहने की समझाइश दी। उनके ओजस्वी उद्बोधन से कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं में उत्साह का संचार हुआ।

विभिन्न स्थानों पर स्वागत, गुरुकुल और विद्यालय परिवार ने किया अभिनंदन
नगर में अन्य स्थानों पर भी महामंडलेश्वर विमला शर्मा का स्वागत किया गया। वेदांत गुरुकुल विद्यापीठ में उनका स्वागत हुआ। गुरु रवीन्द्र नाथ टैगोर विद्यालय के संचालक निकुंब परिवार ने भी उनका स्वागत किया।
गायत्री उद्यान में किया वृक्षारोपण
कार्यक्रम के दौरान गायत्री उद्यान में वृक्षारोपण भी किया गया। आयोजन में डॉ. नीलिमा पंवार, छोटेलाल सोनी, सुरेश कुशवाह, जीतेंद्र जीकमल, हेमंत चौधरी, सचिन जी, विजया निकुंब, सोनाली जी और मयूर पटेल सहित नगर की सैकड़ों मातृशक्ति उपस्थित रही।



