खरगोन-बड़वानीअपराधसेंधवा

नवोदय विद्यालय चोरी का खुलासा, नागलवाड़ी पुलिस ने अंतरराज्यीय गिरोह के तीन आरोपियों को पकड़ा

ओझर में घर का ताला तोड़कर चुराए थे 8 हजार रुपये, पुलिस ने पूरी नकदी बरामद की; महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश के कई जिलों में चोरी की वारदातों में संलिप्तता का खुलासा

जनोदय पंच। बड़वानी जिले के ओझर स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय परिसर में हुई चोरी के मामले में नागलवाड़ी पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की पूरी नकदी 8 हजार रुपये बरामद की गई है। पूछताछ में महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश के कई जिलों में चोरी की वारदातों में संलिप्तता सामने आई है।

घर का ताला तोड़कर चुराए थे 8 हजार रुपये

फरियादी मोइनुद्दीन सैय्यद, जो जवाहर नवोदय विद्यालय ओझर में इलेक्ट्रीशियन हैं, ने पुलिस को बताया कि 5 अक्टूबर 2026 को वह अपने गृह ग्राम गए थे। 8 अक्टूबर को सहकर्मी ने मकान का ताला टूटने की सूचना दी। वापस लौटने पर उन्होंने देखा कि घर के दरवाजों के ताले टूटे हुए थे और गोदरेज से 8 हजार रुपये नकद गायब थे।

शिकायत पर थाना नागलवाड़ी में अपराध क्रमांक 298/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4) और 305(a) में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

गवा घाटी में घेराबंदी कर तीन आरोपी गिरफ्तार

पुलिस अधीक्षक बड़वानी पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन में मामले की जांच की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर, एसडीओपी सेंधवा अजय वाघमारे और एसडीओपी राजपुर बी.एल. अटोदे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी नागलवाड़ी निरीक्षक रामकुमार पाटील के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने साइबर और तकनीकी साक्ष्य जुटाए तथा पूर्व की नकबजनी की घटनाओं से जुड़े आरोपियों के फुटेज का मिलान किया। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि गवा घाटी में तीन संदिग्ध क्षेत्र से बाहर जाने के लिए वाहन का इंतजार कर रहे हैं। पुलिस ने मौके पर घेराबंदी कर तीनों को हिरासत में लिया। पूछताछ में उन्होंने ओझर नवोदय विद्यालय परिसर में चोरी करना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने चोरी के 8 हजार रुपये बरामद कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया।

अलीराजपुर और धार जिले के निवासी हैं आरोपी

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिनेश पिता केलसिंह अमलियार (27), निवासी फुटतालाब बड़ा, थाना बोरी, जिला अलीराजपुर; सोहन पिता बायसिंग सिंगार (19), निवासी गेटा, थाना टांडा, जिला धार; और कमलेश पिता सोबिया अनारे (25), निवासी तरसिंगा, थाना टांडा, जिला धार के रूप में हुई है।

महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश के कई जिलों में चोरी का खुलासा

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने अन्य सहयोगियों के साथ महाराष्ट्र के कोल्हापुर और मध्य प्रदेश के सतना एवं जबलपुर जिलों में चोरी की कई वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। इंदौर, धार, अलीराजपुर, सतना और जबलपुर पुलिस से आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड मंगवाए जा रहे हैं। संबंधित थानों को गिरफ्तारी की सूचना दे दी गई है। आरोपियों को न्यायालय राजपुर में प्रस्तुत किया जा रहा है।

पुलिस टीम की रही सराहनीय भूमिका

कार्रवाई में थाना प्रभारी नागलवाड़ी निरीक्षक रामकुमार पाटील, उपनिरीक्षक कमल किशोर चौहान, सहायक उपनिरीक्षक अनिल दसौधी, सहायक उपनिरीक्षक संजय कुमरावत, सहायक उपनिरीक्षक संजय पाटीदार, प्रधान आरक्षक बलवीर मोरे, कुंवरसिंह, प्रधान आरक्षक चालक हेमराज राणे, आरक्षक विजय अखाड़े, अजय कलमे, राहुल सोलंकी, अरुण राठौड़ और नीरज डांगरे की भूमिका रही।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!