बड़वानी-खरगोन सीमा पर जंगल में गांजे की खेती का खुलासा, दो खेतों से 90.63 लाख रुपये के पौधे जब्त
चार जिलों की पुलिस ने चलाया संयुक्त सर्च ऑपरेशन, 7,100 पौधों का वजन 18 क्विंटल 12 किलो; वरला थाने में दो प्रकरण दर्ज

जनोदय पंच। बड़वानी और खरगोन जिले की सीमा के जंगलों में अवैध गांजे की खेती मिलने पर चार जिलों की पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की। दो खेतों से 7,100 हरे पौधे जब्त किए गए। पुलिस के अनुसार, जब्त पौधों की अनुमानित कीमत 90 लाख 63 हजार रुपये है। मामले में दो अपराध दर्ज किए गए हैं।
मुखबिर की सूचना पर जंगल में पहुंची पुलिस
पुलिस मुख्यालय भोपाल के विशेष अभियान के तहत 7 और 8 अक्टूबर 2026 को बड़वानी, खरगोन, खंडवा और बुरहानपुर पुलिस ने संयुक्त सर्च ऑपरेशन चलाया। पुलिस महानिरीक्षक ग्रामीण जोन इंदौर अनुराग और पुलिस उप महानिरीक्षक निमाड़ रेंज खरगोन सिमाला प्रसाद के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक बड़वानी पद्मविलोचन शुक्ल के नेतृत्व में कार्रवाई की गई।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर और एसडीओपी सेंधवा अजय वाघमारे के मार्गदर्शन में टीमों ने ग्राम पंचायत खपाड़ा के अंतर्गत गंदायलापानी, जिला बड़वानी और केलीअंबा, जिला खरगोन के बीच जंगल एवं पहाड़ी क्षेत्र में दबिश दी। मुख्य मार्ग से करीब 3.5 किलोमीटर अंदर नाले के किनारे दो खेतों में गांजे की फसल मिली।

एक खेत से 2,900 और दूसरे से 4,200 पौधे जब्त
उपनिरीक्षक महेंद्र सिंह चौहान के नेतृत्व वाली टीम ने पहले खेत से गांजे के 2,900 हरे पौधे जब्त किए। इनका वजन 8 क्विंटल 1 किलो और अनुमानित कीमत 40 लाख 5 हजार 250 रुपये बताई गई है।
दूसरे खेत में उपनिरीक्षक छन्नूलाल चौहान की टीम ने कार्रवाई करते हुए 4,200 हरे पौधे जब्त किए। इनका वजन 10 क्विंटल 11 किलो और अनुमानित कीमत 50 लाख 57 हजार 750 रुपये है।
दोनों खेतों से कुल 7,100 पौधे जब्त किए गए, जिनका कुल वजन 18 क्विंटल 12 किलो और अनुमानित कीमत 90 लाख 63 हजार रुपये बताई गई है।

वीडियोग्राफी और जीपीएस लोकेशन के आधार पर कार्रवाई
पुलिस ने बताया कि कार्रवाई के दौरान मौके की जीपीएस लोकेशन दर्ज करने के साथ वीडियोग्राफी भी कराई गई। थाना वरला में अपराध क्रमांक 253/2026 और 254/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 में दो अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं।
अवैध खेती वाली भूमि के स्वामियों और कब्जाधारियों की जानकारी के लिए वन विभाग से आधिकारिक विवरण मांगा जा रहा है। जानकारी मिलने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

अभियान में इन पुलिस अधिकारियों और जवानों का योगदान
संयुक्त कार्रवाई में निरीक्षक नारायण रावल, निरीक्षक प्रमोद कश्यप (खरगोन), निरीक्षक सीताराम सोलंकी (बुरहानपुर), उपनिरीक्षक प्रकाश मंडलोई (डीआईजी कार्यालय खरगोन), उपनिरीक्षक महेंद्र सिंह चौहान, उपनिरीक्षक छन्नूलाल चौहान और सहायक उपनिरीक्षक शक्तिसिंह सिकरवार सहित बड़वानी, खंडवा एवं बुरहानपुर जिले के पुलिस बल की भूमिका रही।



