स्वामित्व योजना का कार्य नहीं करेंगे पंचायत सचिव और ग्राम रोजगार सहायक, संगठन ने दी हड़ताल की चेतावनी, तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन

शंकर सिरसाठ पानसेमल।पानसेमल मध्यप्रदेश पंचायत सचिव/सहायक सचिव संगठन संयुक्त मोर्चा द्वारा स्वामित्व योजना के कार्यों को लेकर विरोध जताते हुए जनपद पंचायत सीईओ और तहसीलदार को एक ज्ञापन सौंपा है। आज शुक्रवार दोपहर 1 बजे बताया गया कि संगठन ने पंचायत सचिवों एवं ग्राम रोजगार सहायकों से स्वामित्व योजना का कार्य नहीं कराने की मांग की है।

ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि शासन द्वारा संचालित स्वामित्व योजना के अंतर्गत अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन 2026 के क्रियान्वयन में पंचायत सचिवों और सहायक सचिवों को निष्पादक (Executor), ई-केवाईसी (e-KYC) सहित अन्य व्यक्तिगत एवं तकनीकी दायित्वों वाले कार्यों में शामिल किया जा रहा है। संगठन का कहना है कि स्वामित्व योजना का कार्य संबंधित राजस्व विभाग के माध्यम से कराया जाना चाहिए। संगठन के पानसेमल अध्यक्ष पंचायत सचिव विजय माली ने स्पष्ट किया है कि प्रांतीय संगठन के निर्देशानुसार पंचायत सचिव एवं ग्राम रोजगार सहायक स्वामित्व योजना का कार्य नहीं करेंगे। ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि यदि इस कार्य के लिए पंचायत सचिवों एवं ग्राम रोजगार सहायकों पर दबाव बनाया जाता है, तो संगठन के आह्वान पर सभी संबंधित कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने के लिए बाध्य होंगे। वहीं कलेक्टर एवं जिला पंचायत सीईओ को भी ज्ञापन सूचनार्थ भेजा गया है।




