खरगोन-बड़वानी

बड़वानी में भावभीनी श्रद्धांजलि के साथ मनाया गया पुलिस स्मृति दिवस, कर्तव्य पथ पर सर्वाेच्च बलिदान देने वाले अमर शहीदों को दी गई श्रद्धांजलि

शहीदों के परिजनों को शॉल व श्रीफल भेंट कर किया गया सम्मानित

बड़वानी; कर्तव्य पथ पर अपने प्राणों की आहुति देने वाले अमर पुलिस शहीदों की स्मृति में बुधवार को पुलिस लाइन बड़वानी स्थित रक्षित केंद्र में पुलिस स्मृति दिवस का भव्य आयोजन हुआ। इस अवसर पर राष्ट्र की रक्षा में प्राण न्योछावर करने वाले वीर पुलिस कर्मियों को शहीद परेड आयोजित कर श्रद्धांजलि दी गई और उनके बलिदान को नमन किया गया।

शहीदों का स्मरण और पुष्पचक्र अर्पित
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री पद्मविलोचन शुक्ल ने विगत एक वर्ष ( 01 सितंबर 2025 से 31 अगस्त 2026 ) के दौरान देशभर में कर्तव्य पालन करते हुए शहीद हुए 154 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों (मध्य प्रदेश के 09 जवान शामिल) की नामावली का ससम्मान वाचन किया। तत्पश्चात शहीद स्मारक पर पूर्व राज्यसभा सांसद डॉ. सुमेर सिंह सोलंकी, पूर्व कैबिनेट मंत्री श्री प्रेम सिंह पटेल, कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह, पुलिस अधीक्षक श्री पद्मविलोचन शुक्ल ने पुष्पचक्र अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। उपस्थित अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं जवानों ने दो मिनट का मौन धारण कर अमर शहीदों को नमन किया।

शहीद परिवारों का सम्मान
इस गरिमामय अवसर पर उपस्थित शहीदों के परिजनों को शॉल एवं श्रीफल भेंटकर ससम्मान सम्मानित किया गया तथा उनके त्याग व अदम्य साहस के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई।

पुलिस स्मृति दिवस का ऐतिहासिक महत्व
उल्लेखनीय है कि 21 अक्टूबर 1959 को भारतीय पुलिस की एक टुकड़ी ( जिसमें 10 अधिकारियों व जवानों की टीम शामिल थी ) लद्दाख क्षेत्र के दुर्गम हॉट-स्प्रिंग इलाके में गश्त कर रही थी। इस दौरान चीनी सेना द्वारा किए गए अचानक हमले का जवानों ने विषम परिस्थितियों और संसाधनों की कमी के बावजूद अदम्य साहस से मुकाबला किया। इस भीषण संघर्ष में मातृभूमि की रक्षा करते हुए 10 वीर जवान शहीद हो गए थे। उन्हीं अमर शहीदों की स्मृति और सम्मान में प्रतिवर्ष 21 अक्टूबर को देशभर में पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है।

गरिमापूर्ण उपस्थिति
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री धीरज बब्बर, एसडीओपी बड़वानी श्री रोहित अलावा, एसडीओपी राजपुर श्री बी.एल. अटोदे, डीएसपी (अजाक) श्रीमती निलेश्वरी डावर, डीएसपी (महिला सुरक्षा) श्री कैलाश चौहान, तहसीलदार श्री राहुल सोलंकी, रक्षित निरीक्षक श्री गजेंद्र निगवाल, सूबेदार श्रीमती अलका वास्केल व सुश्री उषा सिसोदिया सहित अन्य प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!