सेंधवा

सेंधवा मंडी में किसानों से अवैध वसूली रोकने की मांग, किसान कांग्रेस ने मंडी सचिव को सौंपा ज्ञापन

समर्थन मूल्य से कम दर पर खरीदी रोकने, हम्माली और तौल-कांटे के नाम पर अनुचित वसूली पर प्रतिबंध लगाने सहित मंडी व्यवस्था में पारदर्शिता की मांग

रमन बोरखड़े। सेंधवा कृषि उपज मंडी में किसानों को आ रही समस्याओं के निराकरण और उपज का उचित मूल्य दिलाने की मांग को लेकर किसान कांग्रेस ने भारसाधक अधिकारी, कृषि उपज मंडी समिति सेंधवा को ज्ञापन सौंपा। इसमें अनुचित वसूली रोकने, नीलामी व्यवस्था सुधारने और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की मांग की गई।

समर्थन मूल्य से कम दर पर खरीदी रोकने की मांग
किसान कांग्रेस ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की कि मंडी में किसानों की कृषि उपज का उचित मूल्य सुनिश्चित किया जाए। समर्थन मूल्य से कम दर पर खरीदी रोकने के साथ हम्माली और तौल-कांटे के नाम पर होने वाली अनुचित वसूली पर प्रतिबंध लगाया जाए। किसान कांग्रेस ने मंडी में नीलामी व्यवस्था को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने की मांग भी की।

निर्धारित समय पर नीलामी शुरू करने की मांग
ज्ञापन में कहा गया कि मंडी में निर्धारित समय पर नीलामी शुरू की जाए। मंडी में मौजूद सभी वाहनों की उपज की नीलामी पूरी होने के बाद ही प्रक्रिया समाप्त की जाए, ताकि किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए अनावश्यक इंतजार न करना पड़े।

जिनिंग में भाव कम करने की शिकायतों की जांच हो
किसान कांग्रेस ने ज्ञापन में उल्लेख किया कि नीलामी के दौरान कृषि उपज का भाव तय होने के बाद जिनिंग में ले जाकर भाव कम करने की शिकायतें सामने आती हैं। इन शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वाले व्यापारियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की मांग की गई। इसके साथ ही मध्यप्रदेश कृषि उपज मंडी अधिनियम, 1972 और लागू नियमों का उल्लंघन कर मंडी के बाहर कृषि उपज की खरीद-बिक्री करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई करने की मांग की गई।

किसानों को पूरा भुगतान दिलाने पर जोर
किसान कांग्रेस ने कहा कि किसानों की मेहनत का उचित मूल्य सुनिश्चित करना, उनकी उपज का पूरा भुगतान दिलाना और मंडी में पारदर्शी व्यवस्था स्थापित करना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए। किसानों को उपज बेचने के दौरान अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े और किसी भी प्रकार का आर्थिक शोषण न हो, इसके लिए प्रभावी कदम उठाए जाने चाहिए।

किसान कांग्रेस के पदाधिकारी और किसान रहे मौजूद
इस दौरान किसान कांग्रेस जिला अध्यक्ष सिलदार सोलंकी, उपाध्यक्ष इंदर सिंह पटेल, गजानन सोलंकी, महासचिव शोभाराम पटेल, सचिव गौतम मौरे, अधिवक्ता चेनु सिंह अछालिया, महामंत्री रमेश चौहान, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष सीताराम बर्डे, परसराम सेनानी, राजाराम जाधव, विधानसभा अध्यक्ष खुमसिंह कनोजे, इकाराम नरगाँवे, रुस्तम सेनानी, हरसिंह मोरे, महेश डावर, पाण्डु पटेल और सायसिंह ब्रह्मणे सहित सैकड़ों किसान उपस्थित रहे।

किसान कांग्रेस ने मंडी प्रशासन से ज्ञापन में उठाई गई समस्याओं का शीघ्र निराकरण कर प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की, ताकि कृषि उपज मंडी सेंधवा में किसानों को राहत मिल सके।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!