बड़वानी में सेवा संकल्प-2026 के तहत 11 पूर्व सैनिकों का सम्मान, पुलिस कंट्रोल रूम में पुष्पमाला, शॉल और श्रीफल भेंट कर किया अभिनंदन
‘सेवा मेरा योगदान अभियान’ के तहत जनप्रतिनिधियों, कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने सैनिकों व परिजनों का किया सम्मान, राष्ट्रसेवा के अनुभव साझा कर युवाओं को दिया प्रेरणा का संदेश

जनोदय पंच। बड़वानी के पुलिस कंट्रोल रूम में 9 अक्टूबर 2026 को सेवा संकल्प-2026 के तहत पूर्व सैनिक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। जिले के 11 पूर्व सैनिकों और उनके परिजनों का सम्मान कर राष्ट्रसेवा में उनके योगदान को सराहा गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
सेवा मेरा योगदान अभियान’ के अंतर्गत संचालित ‘सेवा संकल्प-2026’ के तहत पुलिस कंट्रोल रूम बड़वानी में पूर्व सैनिक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। जिला पंचायत अध्यक्ष बलवंत सिंह पटेल, नगर पालिका अध्यक्ष अश्विनी निक्कू चौहान, कलेक्टर जयति सिंह, पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल और नगर पालिका सीएमओ बड़वानी सोनाली शर्मा सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं समाजसेवियों ने जिले के 11 पूर्व सैनिकों तथा उनके अभिभावकों और परिजनों का पुष्पमाला, शॉल एवं श्रीफल भेंट कर अभिनंदन किया।
इन 11 पूर्व सैनिकों का हुआ सम्मान:
समारोह में हवलदार विमलेश शर्मा (EME कोर), नायब सूबेदार राधेश्याम सोनी (ASC कोर), हवलदार नीरज कुमार माहुले (सिग्नल कोर), हवलदार संदीप शर्मा (18 ग्रेनेडियर), हवलदार विजय चौहान (AMC कोर), हवलदार संदीप सोने (262 साटा), सूबेदार बलिराम यादव (ASC कोर), हवलदार योगेश जोशी (EME कोर), हवलदार सुभाष राठौड़ (90 फील्ड), हवलदार बिर्मल सिंह नरगावे (सप्लाई कोर) और हवलदार सुरमल अवाया (BSF) का सम्मान किया गया।
पूर्व सैनिकों ने साझा किए राष्ट्रसेवा के अनुभव:
कार्यक्रम के दौरान सम्मानित पूर्व सैनिकों ने अपने सैन्य कार्यकाल में राष्ट्ररक्षा के दौरान बिताए चुनौतीपूर्ण पलों, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा से जुड़े अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि सेना से सेवानिवृत्ति केवल एक चरण है, जबकि राष्ट्रसेवा का जज्बा सदैव जीवंत रहता है। समारोह में पूर्व सैनिकों के साथ उनके अभिभावकों एवं परिजनों का भी सम्मान कर उनके योगदान और संस्कारों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई।
इस अवसर पर पूर्व सैनिकों के सम्मान और राष्ट्रसेवा के जज्बे को इन पंक्तियों के माध्यम से व्यक्त किया गया—
“वर्दी भले ही उतर गई, पर जज्बा वही पुराना है,
भारत मां की सेवा का संकल्प आज भी निभाना है।”

पुलिस अधीक्षक ने बताया युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत:
पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में देशभर में संचालित सेवा संकल्प अभियान के तहत जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को जिले के वीर पूर्व सैनिकों का अभिनंदन करने का गौरव प्राप्त हुआ है।
उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिक देश की अमूल्य धरोहर हैं। उनका अनुशासन, नेतृत्व और कर्तव्यपरायणता नई पीढ़ी के लिए मार्गदर्शन का कार्य करती है। उन्होंने आश्वस्त किया कि प्रशासन पूर्व सैनिकों के अनुभवों और सुझावों का लाभ उठाकर ‘उन्नत एवं बेहतर बड़वानी’ के निर्माण के लिए उनके साथ निरंतर कंधे से कंधा मिलाकर कार्य करेगा।
अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की रही उपस्थिति:
कार्यक्रम का संचालन अनिल जोशी ने किया। अंत में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) बड़वानी रोहित अलावा, डीएसपी (महिला सुरक्षा) कैलाश चौहान, रक्षित निरीक्षक गजेंद्र निगवाल, सूबेदार अलका वास्केल, गणमान्य जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, मीडिया प्रतिनिधि एवं पुलिस प्रशासन के बड़ी संख्या में अधिकारी उपस्थित रहे।




