खरगोन-बड़वानीमुख्य खबरे

बड़वानी पुलिस लाइन में 190 पुलिसकर्मियों ने की जनरल परेड और बलवा ड्रिल, एसपी पद्मविलोचन शुक्ल ने कमियां सुधारने के दिए निर्देश

उत्कृष्ट टर्नआउट वाले पुलिसकर्मियों को किया पुरस्कृत, एसपी बोले—परेड पुलिस बल में अनुशासन की जड़, नियमित अभ्यास से बढ़ती है कार्यकुशलता और एकरूपता

जनोदय पंच। बड़वानी पुलिस लाइन में शुक्रवार, 9 अक्टूबर 2026 को साप्ताहिक जनरल परेड और बलवा ड्रिल आयोजित की गई। पुलिस अधीक्षक ने परेड का निरीक्षण कर पुलिसकर्मियों के अनुशासन, शारीरिक दक्षता और तैयारियों का जायजा लिया। उत्कृष्ट टर्नआउट वाले जवानों को पुरस्कृत कर आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।

पुलिस बल में अनुशासन, शारीरिक दक्षता और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को परखने के उद्देश्य से रक्षित केंद्र (पुलिस लाइन) बड़वानी में साप्ताहिक जनरल परेड एवं बलवा ड्रिल का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल ने परेड का सूक्ष्मता से निरीक्षण किया और बलवा ड्रिल का अवलोकन कर अधिकारियों एवं कर्मचारियों की तैयारियों का जायजा लिया।

परेड का नेतृत्व रक्षित निरीक्षक गजेन्द्र निंगवाल ने किया। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने जवानों के अनुशासन, कदमताल, वेशभूषा (टर्नआउट) और एकरूपता का अवलोकन किया। बेहतर एवं उत्कृष्ट टर्नआउट प्रदर्शित करने वाले पुलिसकर्मियों को मौके पर ही पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया।

परेड अनुशासन की नींव : पुलिस अधीक्षक

पुलिसकर्मियों को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल ने कहा, “परेड पुलिस बल में अनुशासन की जड़ है। नियमित परेड अभ्यास से न केवल शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर रहता है, बल्कि बल के भीतर एकरूपता, सहकारिता और कार्यकुशलता में निखार आता है।”

उन्होंने सभी जवानों को निर्धारित मानकों के अनुसार सदैव उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।

बलवा ड्रिल में परखी कानून-व्यवस्था से निपटने की तैयारी:

जनरल परेड के बाद कानून-व्यवस्था की स्थिति से निपटने और असामाजिक तत्वों पर नियंत्रण के लिए बलवा ड्रिल का अभ्यास किया गया। निरीक्षण के दौरान सामने आई छोटी-मोटी तकनीकी कमियों को चिह्नित किया गया। पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कमियों में तत्काल सुधार करने और निरंतर अभ्यास जारी रखने के सख्त निर्देश दिए।

190 पुलिस अधिकारी और कर्मचारी रहे उपस्थित:

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर, एसडीओपी बड़वानी रोहित अलावा, एसडीओपी राजपुर बी.एल. अटोदे, डीएसपी (महिला सेल) कैलाश चौहान और सूबेदार अलका वास्केल उपस्थित रहे।

इसके अलावा 11 निरीक्षक, 15 उपनिरीक्षक, 14 सहायक उपनिरीक्षक, 42 प्रधान आरक्षक, 77 आरक्षक, 18 महिला आरक्षक, डॉग गामा अपने हैंडलर के साथ तथा पुलिस बैंड के पांच सदस्य शामिल हुए। आयोजन में कुल 190 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!