दिल्ली; NEET-UG परीक्षा रद्द, पेपर लीक स्वीकारते हुए शिक्षा मंत्री ने ऑनलाइन एग्जाम का किया ऐलान, 21 जून को फिर होगी परीक्षा, अगले साल से ऑनलाइन सिस्टम
पेपर लीक विवाद के बीच सरकार का बड़ा निर्णय, NTA पर जिम्मेदारी तय करते हुए री-एग्जाम की तारीख घोषित।

जनोदय पंच। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने स्वीकार किया है कि NEET-UG-2026 परीक्षा का पेपर लीक हुआ था। इसी के चलते परीक्षा रद्द कर दी गई है। अब री-एग्जाम 21 जून को कराया जाएगा, जबकि अगले सत्र से परीक्षा ऑनलाइन मोड में आयोजित होगी।
पेपर लीक के बाद सरकार का बड़ा फैसला
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने शुक्रवार को घोषणा करते हुए कहा कि अगले सत्र से NEET-UG परीक्षा ऑनलाइन कर दी जाएगी। उन्होंने माना कि 3 मई को आयोजित परीक्षा का पेपर लीक हुआ था। धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि सरकार नहीं चाहती थी कि कोई गलत उम्मीदवार चयनित हो जाए, इसलिए जिम्मेदारी के साथ परीक्षा रद्द करने का निर्णय लिया गया। अब यह परीक्षा रविवार 21 जून को आयोजित होगी।
3 मई को आयोजित हुई NEET-UG-2026 परीक्षा देश के 551 और विदेशों के 14 शहरों में कराई गई थी। इसके लिए 5400 से अधिक परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। परीक्षा में 22.79 लाख विद्यार्थी शामिल हुए थे। शिक्षा मंत्री ने कहा कि 7 मई को गड़बड़ी की जानकारी सामने आई थी। इसके बाद एनटीए ने सरकार को इसकी सूचना दी और 12 मई को री-एग्जाम कराने का फैसला लिया गया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पूरी प्रक्रिया के लिए NTA ही जिम्मेदार होगा।
छात्रों को अतिरिक्त समय और सेंटर चुनने की सुविधा
री-एग्जाम के लिए एडमिट कार्ड 14 जून से जारी किए जाएंगे। परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों को 15 मिनट का अतिरिक्त समय भी दिया जाएगा। इसके अलावा छात्रों को अपनी पसंद का परीक्षा केंद्र चुनने के लिए 7 दिन का समय मिलेगा। सरकार का कहना है कि परीक्षा प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए यह कदम उठाए गए हैं।
CBI जांच में अब तक 7 गिरफ्तारियां
NEET पेपर लीक मामले की जांच कर रही CBI ने अब तक 7 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें राजस्थान से पकड़े गए मांगी लाल बिंवाल, जमवारामगढ़ के भाई दिनेश बिंवाल, बेटा विकास बिंवाल, हरियाणा के गुरुग्राम निवासी यश यादव और नासिक के शुभम खैरनार शामिल हैं। इन पांचों आरोपियों को दिल्ली के राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया गया, जहां से कोर्ट ने उन्हें 7 दिन की कस्टडी में भेज दिया। सीबीआई ने इसके अलावा पुणे से ब्यूटीशियन मनीषा वाघमारे और नासिक से धनंजय लोखंडे को भी गिरफ्तार किया है। मामले की जांच लगातार जारी है।


