मुख्य खबरेराष्ट्रीय

प्रयागराज में आंधी-बारिश का कहर, यूपी में 111 मौतें, देशभर में हीटवेव से बढ़ी परेशानी

यूपी में आंधी-बारिश से भारी नुकसान, वहीं देश के कई राज्यों में 45 डिग्री के पार पहुंचा तापमान।

जनोदय पंच। उत्तर प्रदेश में बुधवार को आई आंधी और बारिश ने भारी तबाही मचाई, जिसमें 111 लोगों की मौत हो गई। दूसरी ओर देश का आधे से ज्यादा हिस्सा हीटवेव की चपेट में है। महाराष्ट्र, राजस्थान, मध्य प्रदेश और यूपी के कई शहरों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार दर्ज किया गया।

यूपी में आंधी-बारिश से भारी तबाही

उत्तर प्रदेश में बुधवार को तेज आंधी और बारिश के चलते 111 लोगों की मौत हो गई। सबसे ज्यादा 21 मौतें प्रयागराज में दर्ज की गईं, जबकि भदोही में 17 लोगों की जान गई। खराब मौसम के कारण कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित रहा। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भी इन मौतों पर दुख जताया है।

मौसम की इस तबाही के बीच उत्तर प्रदेश का बांदा जिला सबसे गर्म रहा। यहां तापमान 45.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। प्रदेश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी और उमस के बीच लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

महाराष्ट्र और राजस्थान में हीटवेव का असर

देश का आधे से ज्यादा हिस्सा इस समय हीटवेव की चपेट में है। महाराष्ट्र, राजस्थान, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के कई शहरों में गुरुवार को तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार दर्ज किया गया। महाराष्ट्र का अकोला 45.9 डिग्री सेल्सियस के साथ देश का सबसे गर्म शहर रहा। जलगांव, वर्धा और अमरावती में भी तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रिकॉर्ड किया गया।

राजस्थान के फलोदी में 45.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ, जबकि जैसलमेर और बाड़मेर में 45.1 डिग्री सेल्सियस पारा रहा। श्रीगंगानगर में 44.8 डिग्री और जोधपुर में 44 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। जयपुर, बीकानेर और नागौर में दिनभर हीटवेव जैसे हालात बने रहे, हालांकि शाम को बारिश होने से कुछ राहत मिली।

गुजरात के भावनगर में 45.2 डिग्री सेल्सियस और मध्य प्रदेश के खंडवा में 44.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

अगले दो दिनों के लिए मौसम अलर्ट

16 मई को पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश के साथ ओलावृष्टि हो सकती है। बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़ और पूर्वोत्तर राज्यों में बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया गया है।

17 मई को राजस्थान में गंभीर हीटवेव का अलर्ट है। छत्तीसगढ़, हरियाणा, दिल्ली, मध्य प्रदेश, पंजाब, तेलंगाना, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र में भी हीटवेव की चेतावनी जारी की गई है। असम, मेघालय, केरल, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, कर्नाटक और तमिलनाडु में भारी बारिश का अनुमान जताया गया है।

 

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!