सेंधवा में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव को लेकर मंदिरों में होने लगी विशेष साज-सज्जा
विद्युत रोशनी से जगमगाएंगे मंदिर, बाल लीलाओं पर आधारित झांकियां रहेंगी आकर्षण का केंद्र

सेंधवा। श्रीकृष्ण जन्मोत्सव को लेकर नगर में उत्साह का माहौल बनने लगा है। जन्माष्टमी पर्व को लेकर नगर के प्रमुख मंदिरों में विशेष साज-सज्जा का कार्य शुरू हो गया है। मंदिरों को आकर्षक विद्युत रोशनी, फूलों एवं गुब्बारों से सजाया जा रहा है। वहीं कई मंदिरों में भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं पर आधारित मनमोहक झांकियां सजाई जा रही हैं। मंदिरों में भजन-कीर्तन की तैयारियां भी शुरू हो गई हैं।

बाजार एवं प्रमुख मार्गों पर भी पर्व को लेकर रौनक दिखाई देने लगी है। जगह-जगह ‘गोविंदा आला रे आरा’ जैसे गीतों की गूंज सुनाई देने लगी है।नगर पालिका द्वारा भी जन्माष्टमी पर्व को देखते हुए मुख्य मार्गों पर विद्युत रोशनी की व्यवस्था की जा रही है। इसके साथ ही प्रमुख मार्गों एवं मंदिरों के आसपास साफ-सफाई का कार्य कराया जा रहा है।
श्री सत्यनारायण मंदिर रहेगा विशेष आकर्षण*अग्रवाल समाज के सुनील अग्रवाल ने बताया कि श्याम बाजार स्थित श्री सत्यनारायण मंदिर में प्रतिवर्ष जन्माष्टमी पर्व विशेष उत्साह के साथ मनाया जाता है। इस वर्ष भी मंदिर को आकर्षक विद्युत रोशनी, फूल एवं रंग-बिरंगे गुब्बारों से सजाया जा रहा है। मंदिर परिसर में भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं पर आधारित आकर्षक झांकी सजाई जाएगी, जो जन्माष्टमी पर नगरवासियों के लिए मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेगी।

झांकी सजाने में समाज के मुकेश मित्तल, गणेश गोयल, परेश खंडेलवाल, पिंकेश खंडेलवाल एवं आशीष गोयल का विशेष सहयोग रहेगा।
दिनभर होंगे धार्मिक आयोजन
जन्माष्टमी के दिन प्रातः से ही श्रद्धालुओं के भगवान के दर्शन के लिए मंदिर पहुंचने का सिलसिला शुरू हो जाएगा। प्रातः भगवान बालगोपाल का दूधाभिषेक कर विधि-विधान से पूजन किया जाएगा तथा उन्हें नवीन पोषाक धारण कराई जाएगी। दोपहर 12 बजे भगवान लक्ष्मीनारायण की आरती होगी। अग्रवाल ने बताया कि
रात्रि 8 बजे से मंदिर परिसर में भजन संध्या का आयोजन किया गया है। इसमें धामनोद के प्रसिद्ध भजन गायक माधवजी अग्रवाल भजनों की प्रस्तुति देंगे। इसी दौरान भगवान श्रीकृष्ण की मनमोहक झांकी भी श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए प्रस्तुत की जाएगी।
रात्रि 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के अवसर पर महाआरती की जाएगी। इसके पश्चात श्रद्धालुओं को माखन-मिश्री एवं पंजली का प्रसाद वितरित किया जाएगा।
श्रद्धालुओं से मंदिर पहुंचने का आह्वान
अग्रवाल समाज के अध्यक्ष राजेंद्र नरेडी सहित कैलाश एरन, नवीन गोयल, श्यामसुंदर एरन, केदारमल गोयल, सुशील चौमूवाला, दीपक गर्ग, संजय गोयल, राजकुमार मंगल, विजय गोयल, मुकेश अग्रवाल एवं अर्पित तायल ने सभी धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से कृष्ण जन्मोत्सव के अवसर पर श्री सत्यनारायण मंदिर पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन करने, भजन-कीर्तन में सम्मिलित होने तथा प्रसाद ग्रहण करने का आह्वान किया है।
*अन्य मंदिरों में भी होंगे आयोजन*
जन्माष्टमी को लेकर नगर के अन्य मंदिरों में भी विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मंगल भवन स्थित राधा-कृष्ण मंदिर में आकर्षक झांकी सजाई जाएगी। यहां भजन-कीर्तन के साथ भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाकर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया जाएगा। उपजेल परिसर में भी कृष्ण जन्मोत्सव मनाया जाएगा। वहीं राम मंदिर में विशेष श्रृंगार कर भगवान की आकर्षक सजावट की जाएगी तथा रात्रि 12 बजे आरती के बाद प्रसाद वितरण किया जाएगा।
इसी प्रकार प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, निवाली रोड पर भी जन्माष्टमी के अवसर पर भजन-कीर्तन एवं भगवान श्रीकृष्ण की आकर्षक झांकी सजाई जाएगी।
कृष्ण जन्माष्टमी को लेकर मंदिरों में शुरू हुई तैयारियों और साज-सज्जा से नगर में धार्मिक उत्सव का माहौल बनने लगा है। जन्माष्टमी की रात मंदिरों में होने वाले भजन-कीर्तन, झांकियों और भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है।



