मुख्य खबरेखरगोन-बड़वानी
सीसीटीवी फुटेज की मदद से बड़वानी पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी का खुलासा किया

बड़वानी थाना पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर तथा एसडीओपी महेश सुनैया के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी गई बाइक बरामद की। फरियादी ने 7 मई 2025 को थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी होंडा सीबी शाइन मोटरसाइकिल क्रमांक MP-46-MS-6531 को बीएसएनएल ऑफिस वैष्णो देवी मंदिर के सामने से अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया है। मामले में थाना बड़वानी पर अपराध क्रमांक 283/26 धारा 303(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
पूछताछ में आरोपी ने कबूला अपराध
जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदेही संजय पिता मेघाराम आर्य, उम्र 34 वर्ष, निवासी पिपलूद बसाहट बड़वानी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गई होंडा सीबी शाइन मोटरसाइकिल जब्त कर ली, जिसकी कीमत करीब 60 हजार रुपये बताई गई है। बाद में आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे बड़वानी केंद्रीय जेल भेज दिया गया।
पुलिस टीम की भूमिका सराहनीय
पुलिस के अनुसार आरोपी संजय के खिलाफ पहले से लड़ाई-झगड़े और चोरी के सात मामले थाना बड़वानी में दर्ज हैं। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक बलजीत सिंह, प्रधान आरक्षक जगजोध सिंह, प्रधान आरक्षक चन्द्रशेखर एवं आरक्षक पुरुषोत्तम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



