खरगोन-बड़वानीमुख्य खबरे

सड़क हादसों में कमी लाने के लिए बड़वानी पुलिस ने हेलमेट अनिवार्यता अभियान तेज किया

बड़वानी जिले में सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को शून्य पर लाने और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस मुख्यालय भोपाल के आह्वान पर हेलमेट अनिवार्यता अभियान युद्धस्तर पर चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल के नेतृत्व में जिले के सभी प्रमुख चौराहों और थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों को तैनात कर सघन वाहन चेकिंग की जा रही है।

अभियान के दौरान पुलिस केवल चालानी कार्रवाई तक सीमित नहीं है, बल्कि दोपहिया वाहन चालकों को मौके पर ही हेलमेट के जीवन रक्षक महत्व के बारे में समझाइश भी दी जा रही है। बार-बार नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई की जा रही है। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य लोगों में सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी और जागरूकता बढ़ाना है।

पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल ने जिलेवासियों के नाम जारी संदेश में कहा कि हेलमेट कानून का बोझ नहीं, बल्कि परिवार की खुशियों का सुरक्षा कवच है। उन्होंने कहा कि एक छोटी सी लापरवाही पूरे परिवार के लिए उम्रभर का दर्द बन सकती है। दोपहिया वाहन चलाते समय गुणवत्तापूर्ण हेलमेट पहनना जरूरी है। साथ ही वाहन चालकों को निर्धारित गति सीमा का पालन करना चाहिए और नशे की हालत में वाहन चलाने से बचना चाहिए।

बड़वानी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि चाहे दूरी कम हो, फिर भी हेलमेट अवश्य पहनें। वाहन चलाते समय ड्राइविंग लाइसेंस और वाहन संबंधी दस्तावेज साथ रखें तथा सड़क पर सुरक्षित और जिम्मेदार व्यवहार अपनाकर जिले को दुर्घटनामुक्त बनाने में सहयोग करें।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!