कौशल विकास राज्यमंत्री एवं जिला प्रभारी मंत्री ने संजीवनी क्लिनिक, जनपद पंचायत के नवीन परिसर और आजीविका भवन का किया लोकार्पण
कौशल विकास राज्यमंत्री एवं जिला प्रभारी मंत्री डॉ. गौतम टेटवाल का निवाली दौरा के दौरान दी विकास कार्यों की दी सौगात

बड़वानी; मध्यप्रदेश शासन के कौशल विकास एवं रोजगार राज्यमंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. गौतम टेटवाल शुक्रवार को निवाली जनपद के विभिन्न ग्रामों और नगर पंचायत के दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण शासकीय भवनों का लोकार्पण किया।
कौशल विकास को प्राथमिकता
प्रभारी मंत्री डॉ. टेटवाल ने अपने दौरे की शुरुआत निवाली जनपद के ग्राम झाकर में शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था ( ITI ) में संचालित प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना ( PMKVY ) के प्रशिक्षण कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। प्रशिक्षणार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्होंने कहा कि युवाओं को तकनीकी रूप से दक्ष होकर आत्मनिर्भर बनना आज के समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। प्रभारी मंत्री डॉ. टेटवाल ग्राम झाकर स्थित श्री कांता दिव्यांग बालक आश्रम पहुँचे, जहाँ उन्होंने दिव्यांग बच्चों से बेहद आत्मीयता से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना।

एक बगिया माँ के नाम अभियान में बड़वानी देश में तीसरे स्थान पर
जनपद पंचायत निवाली के ग्राम कानपुरी में आयोजित कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री डॉ. टेटवाल ने एक बगिया माँ के नाम अभियान के अंतर्गत संवाद कार्यक्रम में आजीविका मिशन की दीदियों को संबोधित किया। यह अभियान पर्यावरण संरक्षण और महिला सशक्तिकरण का अनूठा संगम बनकर उभरा है। जिले में निर्धारित 700 बगिया के लक्ष्य के विरुद्ध 735 बगिया तैयार की जा चुकी हैं। करीब 12 करोड़ 98 लाख रुपये की लागत वाले इस वृहद प्रोजेक्ट के सफल क्रियान्वयन के चलते बड़वानी जिले ने देश में तीसरा स्थान प्राप्त किया है। ग्राम कानपुरी में 35 स्व-सहायता समूहों की दीदियों द्वारा बेंगलुरु और पश्चिम बंगाल से लाए गए ग्राफ्टेड (कलमी) बेर के पौधे लगाए गए हैं, जिनका प्रभारी मंत्री ने अवलोकन कर सराहना की। कार्यक्रम में संबल योजना एवं पेंशन स्वीकृति के तहत हितलाभ की प्रतियों का वितरण भी किया गया।

करोड़ों के विकास कार्यों का लोकार्पण
क्षेत्रीय विकास और जनसुविधाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से प्रभारी मंत्री द्वारा निम्नलिखित निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया गया ।
1. आजीविका भवन ( लागत 32 लाख रूपये ) ग्राम कानपुरी में नवनिर्मित भवन का लोकार्पण किया गया, जो स्व-सहायता समूहों को सशक्त बनाने और स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन में मील का पत्थर साबित होगा।
2. संजीवनी क्लिनिक ( लागत 25 लाख रूपये ) नगर पंचायत निवाली बुजुर्ग के वार्ड क्रमांक 15 में संजीवनी क्लिनिक का लोकार्पण किया गया। इससे स्थानीय नागरिकों को घर के समीप ही निःशुल्क प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएँ मिल सकेंगी।
3. जनपद पंचायत नवीन परिसर निवाली जनपद के नए प्रशासनिक परिसर का लोकार्पण किया गया, जिससे क्षेत्र की जन-समस्याओं का त्वरित निराकरण हो सकेगा।
इस अवसर पर क्षेत्र के वरिष्ठ जनप्रतिनिधि, जिला प्रशासन के अधिकारीगण, आजीविका मिशन के कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण जन उपस्थित रहे।



