
जनोदय पंच। सेंधवा में एटीएम कार्ड बदलकर शिक्षक से 17 हजार रुपए की धोखाधड़ी के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 17 हजार रुपए नकद और वारदात में प्रयुक्त ब्रेजा कार बरामद की। आरोपियों को जेल भेजा गया।
एटीएम कार्ड बदलकर खाते से निकाले 17 हजार
दिनांक 04 अक्टूबर 2026 को शिकायतकर्ता प्रकाश शिन्दे उम्र 60 वर्ष, निवासी ड्रीमलैंड सिटी सेंधवा, प्राथमिक विद्यालय वरल्यापानी में अध्यापक, अपनी पुत्री किर्ती के बैंक ऑफ बड़ौदा के एटीएम कार्ड से रुपये निकालने नया बस स्टेशन स्थित इण्डिया एटीएम गए थे। यहां आरोपियों ने ट्रांजैक्शन कैंसिल न होने का झांसा देकर उनका एटीएम कार्ड बदल दिया। इसके बाद खाते से 10 हजार और 7 हजार रुपए, कुल 17 हजार रुपए आहरित कर लिए गए।
शिकायत पर थाना सेंधवा शहर में BNS की धारा 318(4) के तहत अपराध क्रमांक 0364/2026 पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।

30 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले
पुलिस टीम ने घटना स्थल और शहर के प्रमुख मार्गों के आसपास लगे 30 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर संदिग्ध ब्रेजा कार और आरोपियों की पहचान की गई। इसके बाद घेराबंदी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में सय्याद उर्फ सज्जाद निवासी मुंबई (महाराष्ट्र), हिमांशुसिंह निवासी जिला प्रतापगढ़ (उत्तर प्रदेश) एवं मोहम्मद दिलशाद निवासी जिला प्रतापगढ़ (उत्तर प्रदेश) शामिल हैं।
नकदी और ब्रेजा कार जब्त
आरोपियों के कब्जे से फरियादी से हड़पे गए 17 हजार रुपए नकद एवं घटना में प्रयुक्त ब्रेजा कार क्रमांक UP 70 EC 7648 विधिवत जब्त की गई। आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से न्यायालय के आदेशानुसार उन्हें जेल भेज दिया गया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक बड़वानी श्री पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री धीरज बब्बर एवं SDOP सेंधवा श्री अजय वाघमारे के मार्गदर्शन तथा थाना सेंधवा शहर प्रभारी निरीक्षक दिनेश सिंह कुशवाह के नेतृत्व में थाना सेंधवा शहर पुलिस द्वारा की गई।

जनहित में पुलिस की अपील
पुलिस ने अपील की है कि एटीएम से रुपये निकालते समय किसी अज्ञात व्यक्ति की सहायता न लें और अपना एटीएम पिन किसी से साझा न करें। ट्रांजैक्शन पूरा होने के बाद Cancel बटन अवश्य दबाएं। किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी या संशय होने पर तत्काल बैंक अथवा निकटतम पुलिस थाने से संपर्क करें।
पुलिस ने अपराधों की रोकथाम के लिए घर, आसपास, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, फैक्ट्रियों एवं धार्मिक स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की भी अपील की है।



