सेंधवा में गणेश चतुर्थी पर दादा गुरु ने रोपी त्रिवेणी, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
सेंधवा में नगर वन में नीम, वट और पीपल के पौधे रोपकर ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान का संदेश दिया

रमन बोरखड़े। सेंधवा। सेंधवा में गणेश चतुर्थी के अवसर पर नर्मदा संत श्री दादा गुरु ने नगर वन में नीम, वट और पीपल के पौधे रोपकर त्रिवेणी का पौधारोपण किया। कार्यक्रम में पानसेमल विधायक श्याम वर्डे सहित जनप्रतिनिधि, भाजपा नेता, समाजसेवी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
नगर वन में किया त्रिवेणी का पौधारोपण
सेंधवा में सोमवार को गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर नर्मदा संत श्री दादा गुरु नगर वन पहुंचे। दोपहर करीब 1.30 बजे उन्होंने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत विधिवत नीम, वट एवं पीपल के पौधे रोपकर त्रिवेणी का पौधारोपण किया।

दादा गुरु ने उपस्थित श्रद्धालुओं से पर्यावरण संरक्षण को जीवन का हिस्सा बनाने तथा प्रत्येक व्यक्ति को अपनी मां के नाम पर कम से कम एक पौधा लगाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में माँ को सृष्टि का आधार माना गया है और प्रकृति को भी “माँ” का दर्जा दिया गया है। जिस प्रकार माँ अपने बच्चों का पालन-पोषण करती हैं, उसी प्रकार वृक्ष प्राणवायु, छाया, फल, औषधि और जीवन प्रदान करते हैं।

पौधे को वृक्ष बनने तक संरक्षित करने का संदेश
दादा गुरु ने कहा कि “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान मां की स्मृति, सम्मान और आशीर्वाद के प्रतीक स्वरूप पौधा लगाने और उसे वृक्ष बनने तक परिवार के सदस्य की तरह संरक्षित करने का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि यह पौधा माँ के प्रति सम्मान, आने वाली पीढ़ियों के प्रति जिम्मेदारी और प्रकृति के प्रति आस्था का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि आज लगाया गया पौधा आने वाले वर्षों में विशाल वृक्ष का रूप लेगा। इसकी छांव में लोग विश्राम करेंगे, शाखाओं पर पक्षी बसेरा करेंगे और आने वाली पीढ़ियों को जीवनदायी प्राणवायु मिलेगी। पौधारोपण के साथ उसकी देखभाल कर उसे वृक्ष बनाना भी हमारी जिम्मेदारी है।

विधायक श्याम वर्डे ने भी किया पौधारोपण
इस अवसर पर पानसेमल विधायक श्याम वर्डे ने भी पौधारोपण किया। उन्होंने कहा कि ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान पर्यावरण संरक्षण के साथ भावनात्मक रूप से समाज को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण अभियान है। प्रत्येक व्यक्ति अपनी मां के नाम पर एक पौधा लगाए और उसकी नियमित देखभाल करे तो आने वाले वर्षों में इसका व्यापक सकारात्मक प्रभाव दिखाई देगा।
श्याम वर्डे ने नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और नगर वन को हरा-भरा बनाने में सहयोग करने की अपील की। दादा गुरु के साथ नगर के श्रद्धालुओं एवं समाजसेवियों ने भी नगर वन में पौधारोपण किया। उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने की बात कही।
नपा अध्यक्ष के निवास पर श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
इसके पूर्व सोमवार सुबह 11 बजे नर्मदा संत श्री दादा गुरु ने नगर पालिका अध्यक्ष बसंती बाई यादव के निवास पर पहुंचकर श्रद्धालुओं को दर्शन दिए। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। महिलाओं द्वारा भजन-कीर्तन किया गया। भक्तिमय वातावरण में श्रद्धालुओं ने दादा गुरु के दर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त किए।
दादा गुरु के आगमन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह रहा। दर्शन के बाद दोपहर में नगर वन में आयोजित पौधारोपण कार्यक्रम में भी बड़ी संख्या में नगरवासी शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा नेता संजय यादव, अरुण चौधरी, मोतीलाल चौधरी, जयंत शर्मा, भाजपा प्रवक्ता सुनील अग्रवाल, छोटू चौधरी, प्रखर शर्मा, अनिल वाघ सहित अनेक जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता, समाजसेवी एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।




