सेंधवामुख्य खबरे

वरला में खेत से लौटते समय अरुणावती नदी में बहे दंपती, पत्नी का शव मिला, पति की तलाश अब भी जारी

उड़द तोड़ने खेत गए थे दोनों, तेज बहाव के बीच नदी पार करते समय हादसा होने की आशंका

जनोदय पंच। वरला क्षेत्र में खेत से घर लौट रहे किसान दंपती अरुणावती नदी के तेज बहाव में बह गए। सोमवार सुबह नई पुलिया के पास पत्नी का शव मिला, जबकि पति का अभी तक पता नहीं चल सका है। पुलिस और ग्रामीण उसकी तलाश में जुटे हैं।

खेत से लौटते समय नदी में बहे दंपती

वरला थाना क्षेत्र के बलवाड़ी गांव निवासी किसान दंपती रविवार शाम खेत से घर लौटते समय अरुणावती नदी के तेज बहाव में बह गए। सोमवार सुबह घटनास्थल से करीब 5-6 किलोमीटर दूर बलवाड़ी की नई पुलिया के पास कोमल सोनवाने (32) का शव मिला। उनके पति किशोर सोनवाने (40) की तलाश पुलिस और ग्रामीणों द्वारा की जा रही है।

दोपहर में उड़द तोड़ने खेत गए थे

किशोर सोनवाने रविवार दोपहर करीब 12 बजे पत्नी कोमल सोनवाने के साथ बलवाड़ी से करीब 6 किलोमीटर दूर भूरी किराड़ फलिया स्थित खेत पर उड़द तोड़ने गए थे। शाम तक दोनों घर नहीं लौटे तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। खेत पर जानकारी मिली कि दोनों वहां से घर के लिए निकल चुके हैं।

इसके बाद परिजनों ने अरुणावती नदी और आसपास के क्षेत्र में दोनों की तलाश की, लेकिन उनका पता नहीं चला। देर शाम पुलिस को सूचना दी गई। सूचना के बाद पुलिस और ग्रामीणों ने करीब 10 से 20 किलोमीटर के क्षेत्र में तलाश अभियान चलाया। सोमवार सुबह नई पुलिया के पास कोमल का शव मिला।

पुलिया नहीं होने से नदी पार करने की मजबूरी

ग्रामीणों के अनुसार भूरी किराड़ फलिया नदी के दूसरी ओर स्थित है, जहां कई किसानों के खेत हैं। यहां लंबे समय से पुलिया बनाने की मांग की जा रही है। पुलिया नहीं होने के कारण बारिश के दौरान किसानों को तेज बहाव के बीच नदी पार करनी पड़ती है।

ग्रामीणों के मुताबिक दूसरे रास्ते से जाने पर खेत करीब 10 से 12 किलोमीटर दूर पड़ते हैं, जबकि नदी के रास्ते से यह दूरी चार से पांच किलोमीटर ही है।

किशोर की तलाश जारी

कोमल सोनवाने के शव को पोस्टमार्टम के लिए वरला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है। वरला थाना प्रभारी नारायण रावल ने बताया कि कोमल का शव मिल गया है और किशोर की तलाश की जा रही है।

शुरुआती जांच में नदी पार करते समय तेज बहाव में दोनों के बहने की आशंका है। मामले की जांच जारी है।

 

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!