सेंधवा में तीन माह से राशन नहीं मिलने का आरोप, धावड़ा के ग्रामीणों ने तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन
POS मशीन पर अंगूठा लगने के बाद भी खाद्यान्न नहीं मिलने की शिकायत, जांच के निर्देश

जनोदय पंच। सेंधवा क्षेत्र के धावड़ा गांव के ग्रामीणों ने शासकीय उचित मूल्य दुकान से राशन नहीं मिलने की शिकायत की है। ग्रामीणों ने तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर दुकान की जांच कराने और लंबित खाद्यान्न उपलब्ध कराने की मांग की है। मामले में जांच शुरू कर दी गई है।
बड़वानी जिले के वरला तहसील क्षेत्र की ग्राम पंचायत धावड़ा (ध) के निवासियों ने शासकीय उचित मूल्य दुकान पर राशन वितरण में धांधली का आरोप लगाया है। मंगलवार को ग्रामीणों ने सेंधवा एसडीएम कार्यालय पहुंचकर तहसीलदार हितेन्द्र भावसार को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने दुकान की जांच कराने और लंबित राशन दिलाने की मांग की।
अंगूठा लगवाकर पर्ची निकालने के बाद भी नहीं मिला राशन
ग्रामीणों का आरोप है कि हर महीने पीओएस मशीन पर अंगूठा लगवाकर राशन की पर्ची निकाल ली जाती है, लेकिन खाद्यान्न नहीं दिया जाता। सेल्समैन द्वारा अगले महीने राशन देने की बात कहकर मामले को टाल दिया जाता है। इसके कारण कई हितग्राहियों को पिछले एक से तीन महीने तक का राशन नहीं मिल पाया है। ग्रामीणों ने राशन वितरण में हेराफेरी की आशंका जताते हुए दुकान के स्टॉक और पीओएस रिकॉर्ड का भौतिक सत्यापन कराने की मांग की है।

दुकान स्थानांतरण और पारदर्शिता की मांग
ज्ञापन में ग्रामीणों ने दुकान संचालक समूह पर लापरवाही और सेल्समैन के पति पर कार्डधारियों से अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों ने मांग की है कि पारदर्शिता बनाए रखने के लिए दुकान को आदिम जाति सेवा सहकारी संस्था धवली में स्थानांतरित किया जाए।
खाद्य विभाग ने शुरू की जांच
मामले में तहसीदार हितेन्द्र भावसार ने खाद्य विभाग को तत्काल जांच के निर्देश दिए हैं। मौके पर मौजूद खाद्य अधिकारी दयाराम चौहान ने बताया कि ग्रामीणों की शिकायत पर जांच शुरू कर दी गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



