खरगोन-बड़वानीमुख्य खबरेसेंधवा
सेंधवा के जे.एस. जिम खिलाड़ियों का मध्य प्रदेश पावरलिफ्टिंग में दबदबा, कई स्वर्ण पदकों के साथ राष्ट्रीय प्रतियोगिता में चयन
इंदौर के नेहरू स्टेडियम में आयोजित मध्य प्रदेश राज्य पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता में सेंधवा के जे.एस. जिम खिलाड़ियों ने कई पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों का राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ, जबकि उनकी उपलब्धि पर जिम परिवार और संरक्षकों ने सम्मान कर बधाई दी।

जनोदय पंच। सेंधवा के खिलाड़ियों ने 5 जुलाई 2026, रविवार को इंदौर के नेहरू स्टेडियम में आयोजित मध्य प्रदेश राज्य पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता में उल्लेखनीय सफलता हासिल की। जे.एस. जिम की खिलाड़ी आलिया सलीम मंसूरी ने दो गोल्ड और एक सिल्वर मेडल जीतने के साथ मध्यप्रदेश स्ट्रॉन्ग वुमन का खिताब अपने नाम किया। वसीम खान ने दो गोल्ड और एक सिल्वर मेडल जीतकर स्ट्रॉन्ग मेन का खिताब हासिल किया।
कई खिलाड़ियों ने जीते पदक, राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन
प्रतियोगिता में युग गायकवाड़ ने दो गोल्ड मेडल, शौर्य यादव ने दो गोल्ड और एक ब्रॉन्ज मेडल तथा शावेज अली ने सिल्वर मेडल हासिल किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर इन खिलाड़ियों का 6 अगस्त को छत्तीसगढ़ के रायपुर में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ, जहां सभी खिलाड़ी मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।
उपलब्धि पर खिलाड़ियों का हुआ सम्मान
जे.एस. जिम का नाम रोशन करने पर संरक्षक एडवोकेट अजय मितल ने खिलाड़ियों का सम्मान किया। इस अवसर पर जे.एस. जिम संचालक एडवोकेट जहांगीर शेख, अनिमेष जैन, चंचल सोनी, जे.एस. जिम ट्रेनर उत्कर्ष मोहन जाधव, ऋषि भाटिया, भूषण जैन, एडवोकेट प्रिंस शर्मा, अभिषेक दुबे, नितेश कानूनगो, विवेक मंडे, हीरा महाजन और मुस्पिक शेख ने खिलाड़ियों को बधाई देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का संचालन अनीस शेख ने किया।




