खरगोन-बड़वानीमुख्य खबरेराजनीतिसेंधवा

मध्यप्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र में सेंधवा विधानसभा की जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाया – विधायक मोंटू सोलंकी

भोपाल/सेंधवा; सोमवार को मध्यप्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र प्रारंभ हुआ। सत्र के पहले दिन विपक्ष ने किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया तथा किसानों को समय पर खाद-बीज उपलब्ध कराने, कृषि संकट एवं अन्य जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। सेंधवा विधानसभा के विधायक श्री मोंटू सोलंकी ने विधानसभा में सेंधवा क्षेत्र से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर प्रश्न एवं ध्यानाकर्षण के माध्यम से क्षेत्र की जनता की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।

विधानसभा में माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना के अंतर्गत वन भूमि पर कृषि करने वाले आदिवासी कृषकों को सिंचाई सुविधा से वंचित किए जाने का मुद्दा उठाते हुए उन्हें भी योजना का लाभ दिए जाने की मांग की गई।

साथ ही वन अधिकार अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन का मुद्दा उठाते हुए बताया गया कि सेंधवा विधानसभा क्षेत्र में 8,500 से अधिक पात्र आदिवासी एवं वनभूमि पर कृषि करने वाले किसान आज भी व्यक्तिगत वन अधिकार पट्टों से वंचित हैं। साथ जो किसान वन अधिकार पट्टे के लिए आनलाइन आवेदन करने के छूट गए हैं उनके लिए सर्वे कर आनलाइन आवेदन के तहत या ऑफ लाइन आवेदन लिया जाए, इसके अलावा सामुदायिक वन अधिकार पट्टों के लंबित प्रकरणों का भी विषय विधानसभा में उठाया गया तथा पात्र हितग्राहियों को शीघ्र व्यक्तिगत एवं सामुदायिक वन अधिकार पट्टे प्रदान करने की मांग की गई।

इसके साथ ही वर्ष 2025-26 में स्वीकृत ग्राम रूलीबड़–हाथीबुडिया मार्ग, ख़ुरमाबाद–नावनी मार्ग, चिलारिया–पलासपानी मार्ग तथा सेंधवा–वरला ब्रिज के पास सर्विस रोड के निर्माण कार्य स्वीकृत होने के बावजूद आज तक प्रारंभ नहीं होने का प्रश्न उठाकर शीघ्र कार्य प्रारंभ कराने की मांग की गई।

शिक्षा एवं छात्र हित से जुड़े विषयों पर भी विधानसभा में महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए गए। छात्रावासों में विद्यार्थियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए हॉस्टलों की सीटें बढ़ाने के लिए ध्यानाकर्षण सूचना प्रस्तुत की गई।
साथ ही सेंधवा विधानसभा क्षेत्र में शिक्षकों की भारी कमी, शिक्षकविहीन एवं एकल शिक्षक वाली शालाओं, शिक्षकों की उपलब्धता एवं स्थानांतरण तथा जर्जर एवं जीर्णशीर्ण स्कूल भवनों की मरम्मत एवं नवीन भवन निर्माण में हो रही लापरवाही को लेकर प्रश्न उठाए गए तथा शीघ्र आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई।

विधायक श्री मोंटू सोलंकी ने कहा कि विधानसभा में सेंधवा विधानसभा क्षेत्र की जनता से जुड़े प्रत्येक महत्वपूर्ण विषय को मजबूती से उठाया जा रहा है। किसानों, आदिवासियों, विद्यार्थियों, युवाओं तथा आमजन से जुड़े अन्य कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी सरकार से जवाब और त्वरित कार्रवाई की मांग की गई है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास और जनता के अधिकारों के लिए उनकी आवाज विधानसभा में लगातार बुलंद होती रहेगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!