मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 की तैयारियों को समय सीमा में एवं प्रभावी क्रियान्वयन के दिए निर्देश
विभिन्न विभागीय कार्याे एवं योजनाओं की गई विस्तृत समीक्षा

बड़वानी; मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार आम जनता की शिकायतों के त्वरित निराकरण, शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और लोक सेवाओं को तय समय-सीमा में उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले में मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 चलाया जाएगा। यह अभियान 7 अगस्त 2026 से प्रारंभ होकर 8 जनवरी 2027 तक चलेगा। अभियान के तहत जमीनी स्तर पर पहुँचकर शासकीय योजनाओं, कार्यक्रमों तथा लोक सेवाओं की सघन मॉनिटरिंग की जाएगी।
उक्त निर्देश कलेक्टरेट सभागृह बड़वानी में आयोजित समय-सीमा सह अंतर्विभागीय समन्वय की बैठक के दौरान कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह ने दिए। उन्होंने कहा कि अभियान के सफल संचालन के लिए सभी विभाग पूरी तैयारी सुनिश्चित करें। प्रत्येक विभाग अपने दायित्वों के अनुरूप कार्ययोजना तैयार करे एवं आयोजित होने वाले शिविरों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करें।
कलेक्टर ने निर्देशित किया कि जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाले शिविरों में संबंधित क्षेत्र की सीएम हेल्पलाइन के लंबित प्रकरणों, विशेषकर 50 दिवस एवं 100 दिवस से अधिक लंबित मामलों का प्रभावी निराकरण किया जाए। साथ ही, शिविरों में प्राप्त आवेदनों का त्वरित समाधान सुनिश्चित हो। अभियान के दौरान आयोजित होने वाले संवाद कार्यक्रमों की तैयारियां भी समयबद्ध रूप से पूर्ण की जाएं, ताकि अधिक से अधिक नागरिकों एवं उद्यमियों को शासन की योजनाओं का लाभ मिल सके।
विभागीय समीक्षा एवं मुख्य निर्देश

1. राजस्व विभाग – नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन तथा फार्मर आईडी हेतु आवश्यक ई केवायसी के कार्यों में तेज़ी लाने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने पटवारियों को सक्रिय रूप से कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि जिन किसानों के दस्तावेज़ पूरे हैं, उनके राजस्व प्रकरण प्राथमिकता के आधार पर मुख्यालय भेजे जाएं ताकि समयबद्ध निराकरण हो सके।
2. स्वास्थ्य विभाग – एएनसी पंजीयन बढ़ाने और दैनिक आधार पर सीएचओ को लेकर कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए। बैठक में एचआरपी प्रबंधन, सिकल सेल स्क्रीनिंग, पीआईएच मैनेजमेंट, ईडीडी, टीकाकरण, टीबी एवं दस्तक अभियान की समीक्षा के साथ मातृ-शिशु मृत्यु दर पर विस्तृत चर्चा की गई। ग्राम शिवनी के प्रकरण में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित बीएमओ एवं सीएचओ तथा 108 एम्बुलेंस अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
3. महिला एवं बाल विकास विभाग – मुख्यमंत्री बाल आरोग्य संवर्धन कार्यक्रम के तहत SAM / MAM बच्चों के पोषण स्तर, बच्चों की भूख की जाँच और ।Amoxicillin दवा की प्रदाय स्थिति की समीक्षा की गई। निर्माणाधीन आंगनवाड़ी भवनों की स्थिति पर कलेक्टर ने सभी सीईओ जनपद को व्यक्तिगत रुचि लेकर कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
4. आपदा प्रबंधन – वर्षाकाल में बाढ़ की स्थिति की सतत निगरानी हेतु कलेक्टर ने अपर कलेक्टर को कलेक्टरेट में कंट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश दिए।
5. पंचायत एवं ग्रामीण विकास – पंचायत एवं शाला भवनों की स्थिति, मनरेगा अंतर्गत प्रतिदिन लेबर उपस्थिति और प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति की समीक्षा की गई।
समीक्षा बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्रीमती काजल जावला, सहायक कलेक्टर श्री माधव अग्रवाल, अपर कलेक्टर श्रीमती हेमलता सोलंकी, संयुक्त कलेक्टर श्री रवि वर्मा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।



