बड़वानी पुलिस का ‘जनसंवाद’ अभियान जारी, ग्रामीणों से सीधा संवाद कर सुनी समस्याएं
साइबर सुरक्षा, सड़क सुरक्षा, नशामुक्ति एवं अपराधों की रोकथाम को लेकर किया जागरूक

बड़वानी। पुलिस अधीक्षक श्री पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन में आमजन एवं पुलिस के बीच विश्वास, समन्वय एवं सहभागिता को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से जिलेभर में “जनसंवाद” अभियान निरंतर संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में आज 03 अगस्त, 2026 को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित कर ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित किया गया तथा उनकी समस्याएं सुनकर उनके त्वरित एवं वैधानिक निराकरण के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए।
थाना क्षेत्र के ग्राम देवगढ़ एवं ग्राम बोकराटा के बारी फलिया में पुलिस टीम द्वारा ग्राम के पटेल एवं आमजन से जनसंवाद कर उनकी समस्याएं सुनी गईं तथा कानून-व्यवस्था, पुलिस-जन सहयोग, नशामुक्ति एवं अपराधों की रोकथाम के संबंध में आवश्यक समझाइश दी गई। वहीं थाना निवाली पुलिस द्वारा ग्राम पंचायत वज्र में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित कर सरपंच, उपसरपंच एवं ग्राम के गणमान्य नागरिकों से चर्चा कर स्थानीय समस्याओं एवं सुझावों पर विचार-विमर्श किया गया एवं थाना पानसेमल से कानसूल और ग्राम गोंगवाड़ा तथा उनके निराकरण का आश्वासन दिया गया।
जनसंवाद कार्यक्रमों के दौरान ग्रामीणों को साइबर अपराधों से बचाव, फर्जी कॉल, अज्ञात लिंक एवं ओटीपी साझा नहीं करने, साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल राष्ट्रीय हेल्पलाइन *1930* पर सूचना देने, यातायात नियमों का पालन करने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट एवं चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, नाबालिगों को वाहन नहीं देने तथा नशामुक्त एवं अपराधमुक्त समाज के निर्माण में पुलिस का सहयोग करने के लिए जागरूक किया गया। साथ ही क्षेत्र में शांति, सौहार्द एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई।
बड़वानी पुलिस की अपील
“पुलिस प्रशासन का मूल ध्येय ‘आमजन में विश्वास, अपराधियों में भय’ कायम करना है। क्षेत्र में किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, अवैध गतिविधि या अपराध की सूचना तत्काल डायल 112 या संबंधित थाने को दें। सूचना देने वाले नागरिक की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।”



