खरगोन-बड़वानीमुख्य खबरे

अंजड़ में 50 बिस्तरीय सिविल अस्पताल भवन का लोकार्पण, सांसद गजेंद्र सिंह पटेल और विधायक बाला बच्चन ने काटा फीता

सांसद गजेंद्र सिंह पटेल और विधायक बाला बच्चन ने संयुक्त रूप से किया लोकार्पण, अस्पताल में मिलेंगी आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं।

रमन बोरखड़े। जनोदय पंच। अंजड़ में रविवार सुबह 11 बजे 50 बिस्तरीय दो मंजिला सिविल अस्पताल भवन का लोकार्पण सांसद गजेंद्र सिंह पटेल और क्षेत्रीय विधायक बाला बच्चन ने संयुक्त रूप से किया। भवन 7.50 करोड़ की लागत से तैयार हुआ है। अस्पताल में कई चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

अंजड़ में बहुप्रतीक्षित 50 बिस्तरीय दो मंजिला सिविल अस्पताल भवन का लोकार्पण रविवार सुबह 11 बजे हुआ। खरगोन-बड़वानी लोकसभा क्षेत्र के सांसद गजेंद्र सिंह पटेल और क्षेत्रीय विधायक बाला बच्चन ने संयुक्त रूप से फीता काटकर नए भवन का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में नगर परिषद अध्यक्ष मांगीलाल मुकाती, मंडल अध्यक्ष ऋतुराज सिंह तोमर, कांग्रेस के जिलाध्यक्ष नानेश चौधरी, ठीकरी जनपद अध्यक्ष मनोहर अवास्या सहित भाजपा एवं कांग्रेस के अनेक नेता मौजूद रहे। अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र का पूजन-अर्चन कर दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

सांसद गजेंद्र सिंह पटेल ने बताई अस्पताल की पृष्ठभूमि

सांसद गजेंद्र सिंह पटेल ने कहा कि वर्ष 2017 में प्रदेश के तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने नगर आगमन के दौरान सिविल अस्पताल की घोषणा की थी। उन्होंने बताया कि प्रदेश की डॉ. मोहन यादव सरकार ने जमीन से लेकर अस्पताल भवन के निर्माण तक करीब 7.50 करोड़ रुपये की लागत से भवन तैयार कराया है। उन्होंने कहा कि दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों में प्रतिस्पर्धा चलती रहती है, लेकिन जनता के विकास के लिए तुरंत फैसला लेकर जनहितैषी काम करना जरूरी है।

बायपास प्रस्ताव और स्वास्थ्य सुविधाओं का उल्लेख

गजेंद्र सिंह पटेल ने बताया कि नगर में बार-बार जाम की स्थिति और घर-दुकानों को टूटने से बचाने के लिए बायपास का प्रस्ताव केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी को सौंपा गया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश सरकार की आयुष्मान योजना, मुख्यमंत्री आरोग्य योजना सहित स्वास्थ्य संबंधी योजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों, स्टॉफ और संसाधनों की कमी शीघ्र दूर करने का प्रयास करने की बात कही।

विधायक और अन्य अतिथियों ने रखे विचार

क्षेत्रीय विधायक बाला बच्चन ने अस्पताल भवन के लोकार्पण को क्षेत्र की बड़ी उपलब्धि बताते हुए इसे राजनीति से परे बताया और आगे भी संयुक्त रूप से काम करने का वादा किया। नगर परिषद अध्यक्ष मांगीलाल मुकाती ने पुराने अस्पताल भवन में चिकित्सा सुविधाएं जारी रखने तथा संजीवनी क्लिनिक में स्टॉफ की कमी दूर करने की बात कही। मेडिकल ऑफिसर डॉ. रोहित मण्डलोई ने सिविल अस्पताल की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की।

अस्पताल में मिलेंगी विभिन्न चिकित्सा सुविधाएं

नवीन भवन के लिए 8 करोड़ 84 लाख रुपये की राशि स्वीकृत हुई थी और यह 7 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से तैयार हुआ। भवन में दो ऑपरेशन थिएटर, आईसीयू, लेबर रूम, आपातकालीन कक्ष, प्रयोगशाला, दवा वितरण कक्ष, ड्रेसिंग रूम, एक्सरे कक्ष, टीबी कक्ष व लैब तथा ब्लड बैंक सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी। कार्यक्रम का संचालन अरुण परमार ने किया और आभार डॉ. शरद यादव ने व्यक्त किया। इस अवसर पर सिविल अस्पताल स्टॉफ, गणमान्यजन और बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!