स्वतंत्रता दिवस पर सेंधवा में शान से लहराया तिरंगा, उत्कृष्ट कार्य करने वाले 60 नपा कर्मचारी सम्मानित

सेंधवा। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सेंधवा नगर में देशभक्ति और उत्साह का माहौल रहा। नगर पालिका कार्यालय सहित विभिन्न शासकीय कार्यालयों, किले की प्राचीर और झंडा चौक पर ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किए गए। मुख्य समारोह मंडी शेड में हुआ, जहां जनपद पंचायत अध्यक्ष लता पटेल ने ध्वजारोहण कर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संदेश का सीधा प्रसारण देखा। इस दौरान स्कूली छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओतप्रोत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां देकर वातावरण को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।
नपा कार्यालय में अध्यक्ष बसंती बाई यादव ने किया ध्वजारोहण
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सुबह 7.30 बजे नगर पालिका कार्यालय में नगर पालिका अध्यक्ष बसंती बाई यादव ने ध्वजारोहण किया। ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान हुआ और उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। कार्यक्रम में नगर पालिका उपाध्यक्ष मोहन जोशी, सीएमओ मधु चौधरी, एस. वीरा स्वामी, पार्षद अरुण चौधरी, भाजपा प्रवक्ता सुनील अग्रवाल सहित पार्षदगण, अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

इस अवसर पर नगर पालिका में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले करीब 60 कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इनमें सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सफाई कर्मचारी, नगर पालिका कार्यालय में जिम्मेदारी से कार्य करने वाले कर्मचारी तथा जलप्रदाय व्यवस्था में सेवाएं देने वाले कर्मचारी शामिल रहे। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने कर्मचारियों के कार्य की सराहना करते हुए कहा कि नगर की स्वच्छता, पेयजल व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं को सुचारू बनाए रखने में इन कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है।

नपा जनसंपर्क कार्यालय पर भी हुआ ध्वजारोहण
भाजपा प्रवक्ता सुनील अग्रवाल ने बताया कि नगर पालिका जनसंपर्क कार्यालय पर भी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष बसंती बाई यादव एवं एस. वीरा स्वामी ने ध्वजारोहण किया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने राष्ट्रगान के साथ राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी और देश की एकता, अखंडता एवं राष्ट्रहित के प्रति अपने संकल्प को दोहराया।
जनपद पंचायत कार्यालय में लता पटेल ने फहराया तिरंगा
जनपद पंचायत कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष लता पटेल एवं जनपद उपाध्यक्ष ने ध्वजारोहण किया। कार्यक्रम में जनपद पंचायत के अधिकारी-कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान हुआ और स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी गईं।
किले की प्राचीर पर विधायक मोंटू सोलंकी ने किया ध्वजारोहण
सेंधवा की ऐतिहासिक किले की प्राचीर पर भी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर गरिमामय कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां क्षेत्रीय विधायक मोंटू सोलंकी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। किले की प्राचीर पर तिरंगा लहराते ही उपस्थित लोगों में देशभक्ति का उत्साह दिखाई दिया।
झंडा चौक पर भाजपा पदाधिकारियों ने फहराया तिरंगा
नगर के प्रमुख झंडा चौक पर भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष राहुल पवार एवं महामंत्री रामेश्वर पालीवाल ने ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर भाजपा कार्यकर्ता एवं नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष से वातावरण गूंज उठा।
मंडी शेड में हुआ मुख्य समारोह
स्वतंत्रता दिवस का मुख्य कार्यक्रम मंडी शेड में आयोजित किया गया। यहां जनपद पंचायत अध्यक्ष लता पटेल ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संदेश का सीधा प्रसारण उपस्थित लोगों ने देखा और सुना।
मुख्य समारोह में विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, नृत्य और अन्य प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम के बलिदानों तथा राष्ट्रप्रेम की भावना को प्रदर्शित किया। प्रस्तुतियों को उपस्थित लोगों ने सराहा और विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में स्कूलों के छात्र-छात्राओं के साथ शिक्षकगण, तहसीलदार भावसार, नायब तहसीलदार, नगर पालिका सीएमओ मधु चौधरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
पूरे नगर में स्वतंत्रता दिवस को लेकर सुबह से ही उत्साह का माहौल रहा। प्रमुख स्थानों पर तिरंगा शान से लहराता नजर आया और विभिन्न कार्यक्रमों में लोगों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता की रक्षा तथा देश के विकास में अपना योगदान देने का संकल्प लिया।



