इंदौर में रक्षाबंधन पर राजवाड़ा की ट्रैफिक व्यवस्था बदलेगी, भीड़ के चलते वाहनों पर रहेगा प्रतिबंध
डीसीपी ने राजवाड़ा क्षेत्र का निरीक्षण किया, ई-रिक्शा और चार पहिया वाहनों पर सख्ती के निर्देश

जनोदय पंच। रक्षाबंधन पर इंदौर के राजवाड़ा क्षेत्र में खरीदारी के लिए उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया गया है। राजवाड़ा, सुभाष मार्ग, जवाहर मार्ग, सराफा और बड़े गणपति क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को लेकर प्रतिबंध लागू किए जाएंगे।
डीसीपी ने राजवाड़ा क्षेत्र का किया निरीक्षण
यातायात डीसीपी राजेश कुमार त्रिपाठी ने अधिकारियों के साथ राजवाड़ा क्षेत्र का निरीक्षण कर यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने पर्व के दौरान लागू होने वाले ट्रैफिक डायवर्जन और प्रतिबंधों की जानकारी दी।

भीड़ वाले क्षेत्रों में वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध
यातायात डीसीपी राजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि रक्षाबंधन के अवसर पर राजवाड़ा, सुभाष मार्ग, जवाहर मार्ग, सराफा और बड़े गणपति चौराहे से राजवाड़ा तक बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए पहुंचते हैं। इसे देखते हुए क्षेत्र में यातायात संचालन की विशेष व्यवस्था की गई है।
भीड़भाड़ वाले इलाकों में आम नागरिकों की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए थ्री-व्हीलर और फोर-व्हीलर वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगाया जाएगा। इसका उद्देश्य लोगों को बिना परेशानी के पैदल खरीदारी की सुविधा देना है।
जोन-1 और जोन-4 के अधिकारियों की अतिरिक्त तैनाती
ट्रैफिक व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए जोन-1 और जोन-4 के अधिकारियों की अतिरिक्त तैनाती की गई है। पुलिस और यातायात विभाग द्वारा प्रतिबंधित क्षेत्रों में व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
नियम तोड़ने वालों पर होगी कार्रवाई
डीसीपी राजेश कुमार त्रिपाठी ने स्पष्ट किया कि प्रतिबंधित क्षेत्र में नियमों का उल्लंघन करने वाले ई-रिक्शा और चार पहिया वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ने पर वाहन जब्त कर थाने में रखे जाएंगे और चालानी कार्रवाई भी की जाएगी।



