सेंधवा में गणेश उत्सव को लेकर पुलिस की आयोजकों के साथ बैठक, सुरक्षा और व्यवस्था के दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
पांडालों में सीसीटीवी, अग्निशमन और विद्युत सुरक्षा के इंतजाम अनिवार्य; विसर्जन और झांकियों के लिए निर्धारित मार्ग व समय-सीमा का पालन करने के निर्देश

जनोदय पंच। आगामी गणेश चतुर्थी और गणेश विसर्जन पर्व को शांतिपूर्ण, भव्य और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए आयोजकों की बैठक हुई। इसमें पांडालों की सुरक्षा, झांकियों की व्यवस्था, बिजली, सफाई, पेयजल और कानून-व्यवस्था से जुड़े आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
गणेश उत्सव समितियों के प्रतिनिधियों से चर्चा
पुलिस अधीक्षक बड़वानी श्री पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन में थाना सेंधवा शहर परिसर में आगामी गणेश उत्सव को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में गणेश उत्सव समितियों के प्रतिनिधियों के साथ विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान कानून, सुरक्षा और व्यवस्था से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

पांडालों में सुरक्षा इंतजामों पर जोर
गणेश स्थापना पांडालों में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए प्रवेश और निकास के अलग-अलग मार्ग रखने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही पांडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा अग्निशमन और विद्युत सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम अनिवार्य रूप से करने को कहा गया।
निर्धारित मार्ग और समय-सीमा में निकालें झांकियां
बैठक में विसर्जन और चलित झांकियों को धार्मिक मर्यादा एवं अनुशासन के साथ निकालने के निर्देश दिए गए। आयोजकों से कहा गया कि झांकियां निर्धारित मार्ग और निर्धारित समय-सीमा के भीतर ही निकाली जाएं। बिजली विभाग को पांडालों और झांकी मार्गों पर लटकते तारों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए।
वहीं नगर पालिका को पर्व के दौरान स्वच्छता और पेयजल व्यवस्था सुचारू रखने के लिए आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
अफवाह फैलाने वालों पर रहेगी पुलिस की नजर
त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने अथवा शांति भंग करने की कोशिश करने वालों पर पुलिस प्रशासन की पैनी नजर रहेगी। आयोजकों से पुलिस प्रशासन के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखने की अपील की गई, ताकि गणेश उत्सव और विसर्जन पर्व के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनी रहे।
बैठक में ये रहे उपस्थित
बैठक में एसडीओपी श्री अजय वाघमारे, तहसीलदार सुश्री रानू माल, थाना प्रभारी (शहर) श्री दिनेश सिंह कुशवाह, थाना प्रभारी (ग्रामीण) श्री ओमप्रकाश चोंगडे, नगर पालिका सीएमओ श्री मधु चौधरी, विद्युत विभाग के अधिकारी तथा नगर की प्रमुख गणेश उत्सव समितियों के आयोजक और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



