खातेगांव में TI दिलीप पुरी हत्याकांड की जांच तेज, शराब तस्करी नेटवर्क के सरगना राहुल जायसवाल की तीन बसें जब्त
बसों में सवार यात्रियों को दूसरे वाहनों से पहुंचाया गंतव्य तक, पुलिस खंगाल रही तस्करी नेटवर्क की आर्थिक और कारोबारी कड़ियां।

जनोदय पंच। खातेगांव TI दिलीप पुरी हत्याकांड की जांच के दौरान पुलिस ने शराब तस्करी नेटवर्क से जुड़े वाहनों पर कार्रवाई करते हुए तीन बसें जब्त की हैं। पुलिस अब नेटवर्क की कारोबारी गतिविधियों, वाहनों के दस्तावेजों और आर्थिक लेन-देन से जुड़ी कड़ियों की जांच कर रही है।
खातेगांव TI दिलीप पुरी हत्याकांड की जांच के दौरान पुलिस ने शराब तस्करी नेटवर्क के सरगना राहुल जायसवाल की तीन बसें बुधवार को अलग-अलग स्थानों से जब्त कीं। इनमें एक बस बिजवाड़, दूसरी कांटाफोड़ और तीसरी डबल चौकी से जब्त की गई।
सूत्रों के मुताबिक, जब्त की गई तीन बसों में से दो को कांटाफोड़ थाने और एक को डबल चौकी में खड़ा कराया गया है। बसों में सवार यात्रियों को दूसरे वाहनों से उनके गंतव्य तक पहुंचाया गया। पुलिस बसों के फिटनेस और परमिट से संबंधित दस्तावेजों की जांच कर रही है। हालांकि, पुलिस ने अब तक इस कार्रवाई की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
गजेंद्र और धीरज गिरफ्तार, जवाबी कार्रवाई में लगी गोली
इससे पहले पुलिस ने फरार आयशर वाहन चालक गजेंद्र उर्फ अक्कू और उसके सह आरोपी धीरज को गिरफ्तार किया था। पुलिस के मुताबिक, दोनों ने अभिरक्षा से भागने और पुलिसकर्मियों के हथियार छीनकर उन पर हमला करने की कोशिश की थी।
इसके बाद अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई जवाबी कार्रवाई के दौरान दोनों आरोपियों के दाहिने पैर में गोली लगी। घायल आरोपियों को देवास जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया। इसके बाद उन्हें इंदौर रेफर कर दिया गया।
गजेंद्र पर घोषित था 10 हजार रुपए का इनाम
गजेंद्र उर्फ अक्कू घटना के बाद से फरार था। उस पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। बुधवार को उसे बरोठा थाना क्षेत्र में पकड़ा गया। वहीं, धीरज पर बैंक नोट प्रेस (BNP) थाना क्षेत्र में पुलिस अभिरक्षा से भागने की कोशिश करने का आरोप है।
आर्थिक लेन-देन और कारोबारी गतिविधियों की जांच
पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ ही शराब तस्करी नेटवर्क से जुड़े वाहनों, कारोबारी गतिविधियों और आर्थिक लेन-देन की कड़ियों की जांच कर रही है। राहुल जायसवाल की तीन बसों की जब्ती को इसी जांच का हिस्सा माना जा रहा है।



