
जनोदय पंच। इंदौर में दीपावली के मद्देनजर पुलिस की चेकिंग के दौरान एक युवक को पकड़ा गया है। तलाशी में उसके पास से 12 बोर का देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस मिला। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
इंदौर की कनाड़िया पुलिस हॉटस्पॉट और संवेदनशील इलाकों में संदिग्धों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिचौली हप्सी रोड पर पीले रंग की टी-शर्ट पहने एक युवक संदिग्ध गतिविधियों में नजर आया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर तलाशी ली तो उसके कब्जे से 12 बोर का अवैध देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
भूरी टेकरी का निवासी है आरोपी
पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान 21 वर्षीय दीपू उर्फ दीपराज निवासी भूरी टेकरी, इंदौर के रूप में हुई है। पुलिस ने अवैध हथियार बरामद होने के बाद उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है।

हत्या के प्रयास और मारपीट के मामले पहले से दर्ज
पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पहले से मारपीट और हत्या के प्रयास के दो मामले दर्ज हैं। दीपावली के मद्देनजर संदिग्धों की निगरानी और चेकिंग के दौरान यह कार्रवाई की गई।
हथियार कहां से लाया, पुलिस कर रही पूछताछ
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वह अवैध हथियार कहां से लाया था और इसके पीछे कौन सा नेटवर्क काम कर रहा है।



