मुख्य खबरेखरगोन-बड़वानी

बड़वानी में लापता मां-बच्चों की तलाश के बीच युवती से मारपीट, महिला ने बेल्ट से पीटा, वीडियो सामने आया

इंदौर से लापता बेटी और दो बच्चों की तलाश में पहुंचा परिवार, पोस्टमार्टम रूम के सामने हुई घटना, पुलिस ने शुरू की जांच

 जनोदय पंच। बड़वानी; इंदौर से लापता महिला और उसके दो बच्चों की तलाश में परिवार बड़वानी पहुंचा। यहां पोस्टमार्टम रूम के सामने एक युवती के साथ महिला और उसके साथ आए लोगों ने मारपीट की। घटना का वीडियो सामने आया है। पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर रही है।

लापता बेटी और बच्चों की तलाश में बड़वानी पहुंचा परिवार

इंदौर निवासी सीमा ने बताया कि उनकी बेटी जया और उसके दो बच्चे शुक्रवार दोपहर करीब 3:30 से 4 बजे के बीच इंदौर के छत्रीपुरा क्षेत्र के लालबाग इलाके से लापता हो गए। जया के साथ उसकी ढाई साल की बेटी दिशा और 8 महीने का बेटा कार्तिक भी था। परिवार ने रिश्तेदारों और आसपास के लोगों से पूछताछ की, लेकिन तीनों का पता नहीं चला। इसके बाद इंदौर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई।

सीसीटीवी फुटेज में बच्चों को ले जाती दिखी युवती

सीमा के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज में एक युवती बच्चों को गोद में लेकर जाती दिखाई दी। उसके पीछे उसकी मां और गुड़िया भी चल रही थीं। परिवार को जानकारी मिली कि संबंधित युवती ग्राम पिपलिया की रहने वाली है। इसके बाद पुलिस ने परिवार से अपने स्तर पर भी पूछताछ करने को कहा। इसी सुराग के आधार पर परिवार बड़वानी पहुंचा।

पोस्टमार्टम रूम के सामने युवती के साथ मारपीट

सीमा ने बताया कि उनकी बेटी जया का ससुराल ग्राम पिपलिया में है। परिवार ने वहां तीन लोगों से पूछताछ कर जया और बच्चों के बारे में जानकारी देने की गुजारिश की। परिवार के मुताबिक, उन लोगों ने बताया कि जया और बच्चों को बड़वानी लाकर पोस्टमार्टम रूम के पास छोड़ा गया था। इसके बाद शनिवार को जिला मुख्यालय स्थित पोस्टमार्टम रूम के सामने एक महिला ने युवती को बेल्ट से पीटा। साथ आए युवकों ने भी युवती को थप्पड़ मारे। बाद में महिला और उसके परिजन युवती को गाड़ी में बैठाकर शहर कोतवाली थाने ले गए।

आक्रोश में मारपीट करने की बात कही

सीमा ने बताया कि परिवार ने युवती से बेटी और बच्चों के बारे में जानकारी मांगी थी। उन्होंने कहा कि यदि पैसों की कोई मांग है तो वह भी पूरी करने को तैयार हैं, लेकिन युवती कुछ नहीं बता रही थी। इसी बात से आक्रोशित होकर उन्होंने उसकी पिटाई की। सीमा के मुताबिक, परिवार सुबह से परेशान है और उन्हें अपनी बेटी व दोनों नातियों की चिंता सता रही है। परिवार का कहना है कि अभी तक जया और बच्चों का पता नहीं चला है।

इंदौर पुलिस से किया संपर्क, दोनों पक्षों से पूछताछ

शहर कोतवाली थाना प्रभारी बलजीत सिंह बिसेन ने बताया कि परिजनों के अनुसार उक्त महिला और उसके बच्चे इंदौर से इस युवती के साथ निकले थे। इस संबंध में इंदौर पुलिस को सूचना दे दी गई है। मामले की जांच की जा रही है। पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर रही है और लापता मां व बच्चों की तलाश के लिए इंदौर पुलिस से समन्वय किया जा रहा है। पुलिस ने लोगों से कानून हाथ में नहीं लेने और किसी भी तरह की जानकारी मिलने पर पुलिस को सूचित करने की अपील की है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!