
जनोदय पंच। इंदौर में नशे के खिलाफ कार्रवाई के दौरान पुलिस ने धोबी घाट के पास एक कार से युवक को पकड़ा है। तलाशी में उसके कब्जे से 2 ग्राम से अधिक कोकीन मिली। पुलिस ने कार जब्त कर मामले में नेटवर्क से जुड़े लोगों की जांच शुरू की है।
मर्सिडीज कार में मिला संदिग्ध युवक
जूनी इंदौर पुलिस को नशे की गतिविधियों के संबंध में कार्रवाई के दौरान धोबी घाट के पास लाल रंग की मर्सिडीज कार में एक युवक संदिग्ध अवस्था में मिला। पुलिस ने कार में बैठे युवक की तलाशी ली तो उसके कब्जे से 2 ग्राम से अधिक कोकीन बरामद हुई। आरोपी की पहचान कल्प काकरिया के रूप में हुई है। पुलिस ने कोकीन के साथ तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मर्सिडीज कार भी जब्त कर ली।

एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज किया प्रकरण
पुलिस ने कल्प काकरिया के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह एक दोस्त की बर्थडे पार्टी में किसी व्यक्ति के संपर्क में आया था। इसी संपर्क के जरिए उसका नशे के नेटवर्क से जुड़ाव हुआ।
सप्लाई चेन और अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही पुलिस
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर कोकीन की सप्लाई चेन और इसमें शामिल अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, पूछताछ के दौरान सामने आ रहे नामों का सत्यापन किया जा रहा है। नेटवर्क से जुड़े सभी लोगों के खिलाफ साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।



