मालवा-निमाड़

दीपावली से पहले पाटी में पुलिस का फ्लैग मार्च, बाजारों और संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

प्रभारी पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह के निर्देशन में निकला मार्च, व्यापारियों और नागरिकों से संवाद कर पुलिस ने सुरक्षा का भरोसा दिलाया

 जनोदय पंच। दीपावली पर्व को देखते हुए पाटी पुलिस ने कस्बे के मुख्य बाजारों, व्यस्त मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकाला। पुलिस ने नागरिकों से संवाद कर सुरक्षा व्यवस्था का भरोसा दिलाया। साथ ही यातायात, भीड़ प्रबंधन और शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।

मुख्य बाजारों और संवेदनशील क्षेत्रों में निकला फ्लैग मार्च

दीपावली पर्व के दौरान क्षेत्र में कानून-व्यवस्था, शांति और सुरक्षा बनाए रखने के उद्देश्य से पाटी पुलिस ने थाना क्षेत्र में फ्लैग मार्च किया। यह मार्च प्रभारी पुलिस अधीक्षक बड़वानी विनोद कुमार सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर और एसडीओपी बड़वानी रोहित अलावा के मार्गदर्शन में निकाला गया।

फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस बल ने मुख्य बाजारों, व्यस्त मार्गों और संवेदनशील इलाकों में पैदल भ्रमण किया। पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों और आम नागरिकों से संवाद कर उन्हें त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने का भरोसा दिलाया।

हुड़दंग और अफवाह फैलाने वालों पर रहेगी नजर

पुलिस ने स्पष्ट किया कि दीपावली पर्व के दौरान हुड़दंग करने, शांति भंग करने, अवैध शराब की बिक्री और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल के साथ सादे वस्त्रों में जवानों की तैनाती भी की गई है।

यातायात और भीड़ प्रबंधन को लेकर दिए निर्देश

त्योहारी सीजन में बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए पुलिस ने वाहन चालकों और दुकानदारों को यातायात व्यवस्था में सहयोग करने के निर्देश दिए। दुकानदारों से सड़कों पर अतिक्रमण नहीं करने की अपील की गई, ताकि आम लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।

पुलिस ने नागरिकों से की सहयोग की अपील

पाटी पुलिस ने क्षेत्र के नागरिकों से दीपावली का पर्व आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि किसी भी संदिग्ध वस्तु, गतिविधि या अफवाह की जानकारी मिलने पर तत्काल नजदीकी पुलिस थाने अथवा आपातकालीन नंबर 112 या 100 पर सूचना दें। पुलिस प्रशासन के अनुसार, नागरिकों की सतर्कता और पुलिस-प्रशासन का सहयोग ही सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण त्योहार मनाने में महत्वपूर्ण है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!