सेंधवाखेल जगत

सेंधवा के दिव्यांग क्रिकेटर लोकेंद्र आर्य का राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए चयन, मध्यप्रदेश की 15 सदस्यीय टीम में बनाई जगह

सूरत में 27 से 29 नवंबर तक होगी पहली राष्ट्रीय दिव्यांग उस्मान पटेल क्रिकेट चैंपियनशिप 2026, लोकेंद्र का सपना भारतीय टीम की नीली जर्सी पहनकर देश का प्रतिनिधित्व करना।

रमन बोरखड़े। जनोदय पंच। सेंधवा के दिव्यांग क्रिकेटर ने अपने खेल प्रदर्शन और निरंतर मेहनत के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है। उनका चयन मध्यप्रदेश की टीम में हुआ है। प्रतियोगिता गुजरात के सूरत में आयोजित होगी, जिसमें देशभर की टीमें हिस्सा लेंगी।

15 सदस्यीय मध्यप्रदेश टीम में मिली जगह

सेंधवा के दिव्यांग क्रिकेटर लोकेंद्र आर्य का चयन पहली राष्ट्रीय दिव्यांग उस्मान पटेल क्रिकेट चैंपियनशिप 2026 के लिए मध्यप्रदेश की टीम में हुआ है। गुजरात के सूरत में होने वाली इस प्रतियोगिता के लिए दिव्यांग क्रिकेट एसोसिएशन मध्यप्रदेश ने 15 खिलाड़ियों की टीम घोषित की है।

मध्यप्रदेश टीम की कप्तानी माखन सिंह राजपूत करेंगे, जबकि मुकम्मिल को उपकप्तान बनाया गया है। चयनित टीम में श्याम चकवा, दिनेश रामदीन, निखिल मेवाड़ा, लोकेंद्र आर्य, लकी कराड़िया, आर.के. यादव, संजय साकेत, मानसिंह परमार, अमन अंजना, मिथिलेश सिंह, वेदांत गुप्ता, अनिल गुर्जर और विपिन शर्मा शामिल हैं। स्टैंडबाय खिलाड़ियों के रूप में अर्जुन अहिरवार और रामबरन यादव का चयन किया गया है। टीम के मुख्य कोच अंकित शर्मा और मैनेजर अंकित गुप्ता होंगे।

27 से 29 नवंबर तक सूरत में होगी प्रतियोगिता

पहली राष्ट्रीय दिव्यांग उस्मान पटेल क्रिकेट चैंपियनशिप 2026 का आयोजन 27 से 29 नवंबर तक गुजरात के सूरत स्थित वीर नर्मदा दक्षिण गुजरात विश्वविद्यालय क्रिकेट ग्राउंड पर होगा। प्रतियोगिता का आयोजन पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन सूरत, द सोसाइटी फॉर फिजिकली हैंडीकैप्ड सूरत और पैरा स्पोर्ट्स अकादमी गुजरात संयुक्त रूप से कर रहे हैं। लोकेंद्र इससे पहले दिव्यांग इंडिया-1 टीम के लिए भी खेल चुके हैं। अब मध्यप्रदेश की टीम में चयन के साथ उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का एक और अवसर मिला है।

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर से मुलाकात के बाद देखा देश के लिए खेलने का सपना

लोकेंद्र आर्य ने 3 दिसंबर 2022 को विश्व दिव्यांग दिवस के अवसर पर अंतरराष्ट्रीय दिव्यांग क्रिकेटर जितेंद्र बाघ से मुलाकात की थी। इस मुलाकात के बाद उन्होंने देश के लिए क्रिकेट खेलने का सपना देखा और इसके लिए प्रयास शुरू किए। 22 दिसंबर 2022 को आयोजित प्रहलाद दिव्यांग क्रिकेट ट्रॉफी में लोकेंद्र ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 4 ओवर में 18 रन देकर 3 विकेट लिए और बल्लेबाजी करते हुए 32 रन बनाए। उनके प्रदर्शन से प्रभावित होकर अंतरराष्ट्रीय दिव्यांग क्रिकेटर ब्रजेश द्विवेदी ने उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

इंडिया-1 टीम के लिए भी कर चुके हैं प्रतिनिधित्व

वर्ष 2024 में महाराष्ट्र के शिर्डी में आयोजित क्रिकेट सीरीज के लिए लोकेंद्र का चयन मध्यप्रदेश की टीम में हुआ था। इसके बाद 13 से 15 जून 2026 तक हरियाणा के यमुनानगर में आयोजित केसरी दिव्यांग क्रिकेट टूर्नामेंट के लिए उनका चयन इंडिया-1 टीम में किया गया था।

लगातार बेहतर प्रदर्शन के चलते अब उन्हें पहली राष्ट्रीय दिव्यांग उस्मान पटेल क्रिकेट चैंपियनशिप 2026 के लिए मध्यप्रदेश की टीम में जगह मिली है।

नीली जर्सी पहनकर देश का प्रतिनिधित्व करना सपना

लोकेंद्र आर्य की इस उपलब्धि पर उनके परिवार, श्री कांता विकलांग सेवा ट्रस्ट झाकर (निवाली) और क्षेत्र के लोगों ने खुशी जताई है। लोकेंद्र का सपना भारतीय टीम की नीली जर्सी पहनकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करना है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!