सेंधवा
ग्राम गोई में भक्तिभाव से मनी गोवर्धन पूजा, भगवान को अर्पित किया 56 प्रकार के पकवानों का भोग
अन्नकूट महोत्सव में भजन-कीर्तन के साथ हुआ प्रसादी वितरण, श्रद्धालुओं ने लिया भगवान का आशीर्वाद

सेंधवा। दीपावली के अगले दिन ग्राम गोई में गोवर्धन पूजा का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर भगवान गोवर्धन का आकर्षक श्रृंगार कर उन्हें नवीन वस्त्र धारण करवाए गए। विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद भगवान को 56 प्रकार के पकवानों का भोग अर्पित किया गया। आयोजन के दौरान भजन-कीर्तन हुआ, जिसमें परिवार के श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से भाग लिया। पूजन और 56 भोग अर्पण के पश्चात अन्नकूट महोत्सव के तहत प्रसादी का वितरण किया गया। श्रद्धालुओं ने भगवान का आशीर्वाद लेकर अन्नकूट प्रसादी ग्रहण की। गोवर्धन पूजा के माध्यम से प्रकृति, गौवंश और अन्न के महत्व के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई। ग्राम गोई में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम ने आस्था, आपसी सद्भाव और सामूहिक परंपराओं को बनाए रखने का संदेश दिया।



