सेंधवा

सेंधवा में दीपावली की पूजन सामग्री से तैयार की खाद, सीए पलक अग्रवाल ने गमले में किया पौधरोपण

फूल-मालाओं और पूजन सामग्री को कचरे में फेंकने के बजाय किया सदुपयोग, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

रमन बोरखड़े। जनोदय पंच। दीपावली पूजन के बाद फूल-मालाओं, पत्तियों और अन्य जैविक सामग्री को कचरे में फेंकने के बजाय खाद के रूप में उपयोग किया जा सकता है। सेंधवा की एक पहल ने धार्मिक आस्था के साथ स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया है।

पूजन सामग्री से बनाया खाद का माध्यम

सेंधवा की अग्रवाल कॉलोनी निवासी सीए पलक सुनील अग्रवाल ने दीपावली पूजन और घर की सजावट में उपयोग की गई फूल-मालाओं, फूलों, आम के पत्तों और अन्य जैविक सामग्री को कचरे में फेंकने के बजाय घर के ही एक गमले में एकत्रित किया। इसके बाद उसमें मिट्टी मिलाकर पौधे का रोपण किया। समय के साथ फूल-पत्तियां मिट्टी में सड़कर प्राकृतिक खाद बनेंगी, जिससे पौधे को पोषण मिलेगा और मिट्टी की उर्वरता भी बढ़ेगी।

धार्मिक आस्था के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश

पलक अग्रवाल का कहना है कि धार्मिक आस्था के साथ पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाना भी जरूरी है। दीपावली जैसे पावन पर्व पर पूजन में उपयोग की गई सामग्री को इधर-उधर फेंकने के बजाय उसका सदुपयोग करना चाहिए। फूल-पत्तियां और अन्य जैविक सामग्री प्राकृतिक रूप से खाद में परिवर्तित हो सकती हैं। इन्हें घर के गमलों या बगीचे में मिट्टी के साथ मिलाकर उपयोग किया जा सकता है।

घर से शुरू हो सकती है पर्यावरण संरक्षण की पहल

उन्होंने बताया कि पूजन सामग्री को नदी-नालों में प्रवाहित करने से जल प्रदूषण की समस्या बढ़ सकती है, जबकि खुले में फेंकने से गंदगी फैलती है। ऐसे में घर पर ही गमले में जैविक खाद तैयार करना सरल और उपयोगी विकल्प है। उनकी इस पहल से संदेश मिलता है कि पर्यावरण संरक्षण के लिए बड़े प्रयासों की ही आवश्यकता नहीं है, बल्कि घर से शुरू की गई छोटी-छोटी आदतें भी बदलाव ला सकती हैं। यदि प्रत्येक परिवार त्योहारों के बाद निकलने वाली जैविक पूजन सामग्री का इसी तरह सदुपयोग करे तो स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण में योगदान दिया जा सकता है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!