बड़वानी में दो फरार आरोपियों पर 2-2 हजार रुपए का इनाम घोषित, सूचना देने वालों का नाम रहेगा गोपनीय
वरला थाने के अपराध में वांछित हैं दोनों आरोपी, गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने आमजन से मांगी मदद

जनोदय पंच। बड़वानी जिले में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने इनाम घोषित किया है। थाना वरला के एक अपराध में फरार दो आरोपियों की सूचना देने और उनकी गिरफ्तारी में मदद करने वाले व्यक्ति को 2-2 हजार रुपए का नकद पुरस्कार दिया जाएगा।
दोनों आरोपियों की तलाश जारी
प्रभारी पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह ने थाना वरला के अपराध क्रमांक 206/2026 में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पर इनाम की घोषणा की है। यह मामला भारतीय न्याय संहिता की धारा 104(3), 64(2)(एम), 127(3), 351(3) और 3(5) के तहत दर्ज है।
फरार आरोपियों में बादल उर्फ आकेश पिता जबरसिंह अछाले, निवासी चिखली, थाना वरला और आसमाबाई पति रायसिंग बारेला, निवासी रेवजिया, थाना पलसूद शामिल हैं। पुलिस द्वारा दोनों की तलाश और गिरफ्तारी के हरसंभव प्रयास किए गए, लेकिन अभी तक उनका पता नहीं चल पाया है।
सूचना देने वाले को मिलेगा नकद पुरस्कार
प्रभारी पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह ने आमजन से अपील की है कि फरार आरोपियों के संबंध में जानकारी देने वाले व्यक्ति को प्रत्येक आरोपी की गिरफ्तारी पर 2,000 रुपए का नकद इनाम दिया जाएगा। सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा। पुरस्कार वितरण के संबंध में अंतिम निर्णय प्रभारी पुलिस अधीक्षक, जिला बड़वानी का रहेगा।



