खरगोन-बड़वानीअपराधसेंधवा

सेंधवा में ऑपरेशन ग्रीन स्ट्राइक की बड़ी कार्रवाई, जंगल किनारे खेत में उगाए जा रहे 627 गांजे के पौधे जब्त

586 किलो गांजे की फसल बरामद, कीमत 58.60 लाख रुपए आंकी; खेत मालिक आपसिंह डावर नामजद, जिले में अभियान के दौरान पांच प्रकरण दर्ज

जनोदय पंच। बड़वानी जिले में अवैध मादक पदार्थों की खेती के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। जंगल किनारे स्थित खेत से गांजे के 627 पौधे जब्त किए गए हैं। इनका कुल वजन 586 किलोग्राम और अनुमानित कीमत 58 लाख 60 हजार रुपए बताई गई है।

जंगल किनारे खेत में चल रही थी गांजे की खेती

बड़वानी जिले में अवैध मादक पदार्थों और उनकी खेती के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन ग्रीन स्ट्राइक’ के तहत सेंधवा ग्रामीण पुलिस ने यह कार्रवाई की। 11 नवंबर 2026 की सुबह मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने पलासपानी के सूलिया फलिया क्षेत्र में जंगल के किनारे स्थित एक खेत पर दबिश दी। यहां करीब आधा बीघा जमीन पर अवैध रूप से गांजे की व्यावसायिक फसल उगाई जा रही थी। पुलिस ने मौके से करीब 6 फीट ऊंचे गांजे के 627 पौधे जब्त किए। इनका कुल वजन 586 किलोग्राम पाया गया। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 58 लाख 60 हजार रुपए आंकी गई है।

खेत मालिक आपसिंह डावर के खिलाफ मामला दर्ज

जांच के दौरान खेत सूलिया फलिया, पलासपानी निवासी आपसिंह पिता कमरिया डावर भिलाला (35) का होना पाया गया। पुलिस ने आरोपी को नामजद कर हिरासत में लिया है। उसके विरुद्ध थाना सेंधवा ग्रामीण में अपराध क्रमांक 709/2026 दर्ज किया गया है। मामला एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस आरोपी को आगामी वैधानिक कार्रवाई के लिए न्यायालय के समक्ष पेश कर रही है।

जिले के पांच थानों में दर्ज किए गए पांच प्रकरण

पुलिस मुख्यालय भोपाल के पत्र क्रमांक पुमु/अमनि/निस/266/2026, दिनांक 16 अक्टूबर 2026 के निर्देशानुसार 27 अक्टूबर से 11 नवंबर 2026 तक एनडीपीएस एक्ट के तहत 15 दिवसीय विशेष अभियान चलाया गया। पुलिस महानिरीक्षक ग्रामीण जोन इंदौर अनुराग और पुलिस उप महानिरीक्षक निमाड़ रेंज खरगोन सिमाला प्रसाद के निर्देशन में अभियान संचालित किया गया।

प्रभारी पुलिस अधीक्षक बड़वानी विनोद कुमार सिंह के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के लिए स्पेशल सेल का गठन किया गया। अभियान के दौरान जिले के थाना सिलावद, वरला, पानसेमल, पलसूद और सेंधवा ग्रामीण में कार्रवाई करते हुए कुल पांच प्रकरण दर्ज किए गए।

इन कार्रवाइयों में कुल 2,593 हरे गांजे के पौधे जब्त किए गए। इनका कुल वजन 1,186.15 किलोग्राम और अनुमानित कीमत 1 करोड़ 18 लाख 63 हजार 500 रुपए बताई गई है। अभियान के दौरान आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। साथ ही पिट एनडीपीएस एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई है।

अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा : एसपी

पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह ने कहा कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की खेती, परिवहन और तस्करी के खिलाफ ‘ऑपरेशन ग्रीन स्ट्राइक’ एक निर्णायक अभियान है। इस तरह के अवैध कृत्यों में लिप्त पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कानून के तहत बेहद सख्त कार्रवाई की जाएगी। बड़वानी पुलिस का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!