खरगोन-बड़वानीशिक्षा-रोजगार

बड़वानी आदर्श महाविद्यालय में 10 एकड़ परिसर का हो रहा विकास, बाउंड्रीवॉल से लेकर सड़क और गार्डन निर्माण कार्य जारी

रूसा योजना के तहत मिली अधोसंरचनागत सुविधाएं, खेल मैदानों के विकास के लिए बजट की मांग; परिसर में ऑडिटोरियम निर्माण का प्रस्ताव भी भेजा जाएगा

रमन बोरखड़े। जनोदय पंच। बड़वानी शहर से छह किलोमीटर दूर स्थित आदर्श महाविद्यालय में अधोसंरचनागत विकास कार्य लगातार जारी हैं। विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए परिसर में बाउंड्रीवॉल, सड़क, गार्डन, लाइटिंग और अन्य निर्माण कार्य कराए जा रहे हैं।

10 एकड़ परिसर में हो रहे विकास कार्य

शासन की महत्वपूर्ण आकांक्षी योजना राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान (रूसा) के अंतर्गत निर्मित आदर्श महाविद्यालय का अक्टूबर 2022 में तत्कालीन उच्च शिक्षा मंत्री एवं वर्तमान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी ने उद्घाटन-लोकार्पण किया था। इसके बाद सत्र 2023-24 से महाविद्यालय का संचालन शुरू हुआ।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रमोद पंडित ने बताया कि उच्च शिक्षा विभाग ने महाविद्यालय को प्राथमिकता में रखते हुए जनजाति बाहुल्य बड़वानी क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च स्तरीय कैंपस और सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विकास कार्यों के लिए बजट उपलब्ध कराया है। 10 एकड़ में फैले परिसर के चारों ओर बाउंड्रीवॉल, आंतरिक सीमेंटेड सड़क, गार्डन विकास, छात्राओं के लिए पृथक वॉशरूम और विद्युत पोल के माध्यम से लाइटिंग व्यवस्था के कार्य किए जा रहे हैं। परिसर में प्रवेश और निकास के लिए मुख्य द्वार भी बनाए जा रहे हैं। निर्माण कार्य बजट निर्माण एजेंसी पीआईयू बड़वानी के माध्यम से किए जा रहे हैं।

खेल मैदानों के विकास के लिए बजट की मांग

प्राचार्य डॉ. पंडित ने बताया कि महाविद्यालय को आवंटित भूमि का 80 प्रतिशत से अधिक हिस्सा सख्त पहाड़ी और असमतल है। ऐसी स्थिति में खेल मैदानों का विकास करना चुनौतीपूर्ण है। इसके लिए उन्होंने आयुक्त, उच्च शिक्षा, मध्यप्रदेश शासन, भोपाल को पत्र लिखकर भूमि समतलीकरण और खेल मैदानों के विकास के लिए बजट आवंटन की मांग की है।

ऑडिटोरियम निर्माण का प्रस्ताव भेजा जाएगा

निर्माण कार्यों की निगरानी के लिए अधोसंरचना संधारण समिति का गठन किया गया है। इसके संयोजक वाणिज्य विभाग अध्यक्ष डॉ. रेवाराम मंडलोई को बनाया गया है। डॉ. मंडलोई ने बताया कि जल्द ही परिसर में पृथक ऑडिटोरियम निर्माण के लिए भी प्रस्ताव भेजा जाएगा।

स्मार्ट बोर्ड और कंप्यूटर लैब की सुविधा

महाविद्यालय के करियर काउंसलर एवं प्रकोष्ठ के जिला नोडल अधिकारी डॉ. अनिल पाटीदार ने बताया कि आदर्श महाविद्यालय में टीचिंग-लर्निंग के लिए स्मार्ट बोर्ड, कंप्यूटर लैब और ऑडियो-पोडियम जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। इससे विद्यार्थियों को अध्ययन-अध्यापन रुचिकर प्रतीत होता है। पेयजल के लिए आरओ वाटर और स्वच्छ सुविधायुक्त वॉशरूम जैसी मूलभूत सुविधाएं भी विद्यार्थियों को प्रारंभ से ही मिल रही हैं।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!