बड़वानी में धूमधाम से मनेगा राष्ट्रीय जनजाति गौरव दिवस, 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा जयंती पर होंगे विविध आयोजन

बड़वानी। भगवान बिरसा मुंडा जी की जयंती के अवसर पर 15 नवंबर को राष्ट्रीय जनजाति गौरव दिवस पूरे देश के साथ-साथ मध्यप्रदेश और बड़वानी जिले में भी धूमधाम से मनाया जाएगा। भाजपा जिला मीडिया प्रभारी सुनील भावसार ने बताया कि इस आयोजन को लेकर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री व पूर्व राज्यसभा सांसद डॉ. सुमेरसिंह सोलंकी एवं जिला अध्यक्ष अजय यादव ने प्रेस वार्ता में कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी।
डॉ. सुमेरसिंह सोलंकी ने बताया कि यह कार्यक्रम सिर्फ जनजाति समाज के लिए ही नहीं, बल्कि सर्व समाज के लिए आयोजित किया जा रहा है। इस आयोजन में भगवान बिरसा मुंडा जी को याद करने के साथ-साथ क्षेत्र के उन महापुरुषों को भी याद किया जाएगा, जिनकी जयंती या पुण्यतिथि पूरे साल में आती है। पूरा आयोजन जनजाति अस्मिता, जनजाति पहचान, लोक कला-संस्कृति और समग्र विकास पर केंद्रित होगा।
आगे उन्होंने कहा कि अगर हम अपने महापुरुषों के गौरवशाली इतिहास को युवा पीढ़ी के सामने ठीक से नहीं रख पाएंगे, तो यह इतिहास सिर्फ फाइलों और अखबारों तक सीमित रह जाएगा। इसलिए भारतीय जनता पार्टी ने सतत प्रयास किया है कि जनजाति महापुरुषों के साथ-साथ देश के अन्य महापुरुषों को भी इतिहास के पन्नों पर उकेर कर समाज और देश के सामने लाया जाए।
प्रदेश में तीन बड़े आयोजन
मध्यप्रदेश में तीन स्थानों पर विशेष आयोजन होंगे। इनमें से एक आयोजन मालवा और निमाड़ की धरती पर, दूसरा जबलपुर में और तीसरा शहडोल में होगा, जिसे राज्यस्तरीय कार्यक्रम का नाम दिया गया है। इसके अलावा हर जिला मुख्यालय और विधानसभा स्तर पर भी राष्ट्रीय जनजाति गौरव दिवस का आयोजन होगा।
स्थानीय स्तर पर जनजाति समाज के गौरव और अन्य समाज के गौरवों को भी मंचों के माध्यम से सम्मानित किया जाएगा।
एक सप्ताह तक चलेंगे कार्यक्रम
यह पूरा आयोजन करीब एक सप्ताह तक चलेगा।
12 एवं 13 नवंबर – अनुसूचित जनजाति मोर्चा द्वारा प्रदेश के सभी जिलों में तैयारियों को लेकर बैठकें आयोजित की जा रही हैं।
प्रत्येक विधानसभा के दो प्रमुख स्थानों पर – जनजाति महानायकों की प्रतिमाओं पर स्वच्छता अभियान, दीप प्रज्वलन और लोक सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। प्रतिमाओं की संख्या दो से अधिक भी हो सकती है।
16 एवं 17 नवंबर – जनजाति युवाओं और छात्रों से सीधा संवाद स्थापित करने के लिए जनजाति छात्रावास संपर्क अभियान चलाया जाएगा।
18 से 20 नवंबर – पूर्व-वर्तमान सांसद, विधायक, प्रदेश पदाधिकारी जनजाति अंचलों में जनजाति गौरव चौपाल का आयोजन करेंगे।
बड़वानी जिले में भी होंगे कार्यक्रम
बड़वानी जिले में भी दो-तीन स्थानों पर आयोजन होगा। इनमें से एक कार्यक्रम चाचरिया में और दूसरा कार्यक्रम निवाली में आयोजित किया जाएगा। निवाली के कार्यक्रम में भगवान बिरसा मुंडा जी की प्रतिमा का अनावरण भी किया जाएगा।
इसके अलावा गांव-गांव और विकासखंड स्तर पर जनजाति गौरव चौपाल का आयोजन किया जाएगा। सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन होगा।
भगवान बिरसा मुंडा जी की जयंती के साथ ही स्थानीय स्तर पर संत टंट्या मामा भील, भीमा नायक, रघुनाथ शाह, शंकर शाह जैसे तमाम जनजाति महापुरुषों के इतिहास को युवा पीढ़ी के सामने रखने का प्रयास किया जाएगा।
श्री सोलंकी ने आगे बताया कि यह आयोजन प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खंडेलवाल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में पूरे प्रदेश में धूमधाम से मनाया जाएगा।

वही जिला अध्यक्ष अजय यादव ने बड़वानी जिलेवासियों से राष्ट्रीय जनजाति गौरव दिवस में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने का आग्रह किया।
इस अवसर पर अनुचित जनजाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष प्रकाश चौहान, महामन्त्री द्वय भागीरथ कुशवाह व सचिन चौहान, अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष भगवती प्रसाद शिंदे मंचासीन रहे। इस अवसर पर जिला उपाध्याय अजय कानूनगो, मंत्री जितेंद्र निकुम, रविन्द्र कुलकर्णी, मण्डल अध्यक्ष शुभम पांडे, अजय यादव, भूपेंद्र जाट, कार्यालय मंत्री नरेंद्र बर्फा सहित अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।



