
जनोदय पंच। इंदौर। शहर में शनिवार से सैयद मुश्ताक अली टी-20 ट्रॉफी के मुकाबलों का आगाज होगा। पहले दिन दो मैदानों पर चार मैच खेले जाएंगे। युवा बल्लेबाजों और तेज गेंदबाजों के प्रदर्शन को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में खासा उत्साह है। दर्शकों के लिए प्रवेश निःशुल्क रहेगा।
वैभव सूर्यवंशी की बल्लेबाजी पर रहेंगी नजरें
पहले दिन होलकर स्टेडियम में सुबह 11 बजे बिहार और सौराष्ट्र के बीच मुकाबला खेला जाएगा। बिहार की कप्तानी कर रहे युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी इस मैच में मैदान पर उतरेंगे। अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए पहचान बना चुके वैभव को देखने के लिए स्थानीय क्रिकेट प्रेमियों में खासा उत्साह है। गुरुवार को उन्होंने डेली कॉलेज मैदान पर नेट्स में जमकर बल्लेबाजी का अभ्यास किया।
उमरान मलिक और अभिषेक शर्मा भी रहेंगे आकर्षण
जम्मू-कश्मीर की टीम से खेलने वाले तेज गेंदबाज उमरान मलिक भी दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहेंगे। करीब 150 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गेंदबाजी करने वाले उमरान गुरुवार को होलकर स्टेडियम में अभ्यास करते नजर आए। वहीं, पंजाब के युवा बल्लेबाज अभिषेक शर्मा के प्रदर्शन को लेकर भी क्रिकेट प्रेमियों में उत्सुकता है।
पहले दिन दोनों मैदानों पर चार मुकाबले
टूर्नामेंट के पहले दिन होलकर स्टेडियम और डेली कॉलेज मैदान पर चार मुकाबले खेले जाएंगे। बिहार और सौराष्ट्र के अलावा रेलवे और तमिलनाडु तथा पंजाब और हरियाणा की टीमें भी आमने-सामने होंगी। वहीं, जम्मू-कश्मीर और दिल्ली के बीच मुकाबला शाम 4:30 बजे खेला जाएगा।
फ्लड लाइट में भी खिलाड़ियों ने किया अभ्यास
टूर्नामेंट की तैयारियों के तहत गुरुवार को सभी टीमों ने अलग-अलग सत्रों में अभ्यास किया। पंजाब, हरियाणा, सौराष्ट्र, रेलवे, तमिलनाडु, दिल्ली और जम्मू-कश्मीर की टीमों के खिलाड़ियों ने भी मैदान पर पसीना बहाया। शाम के मुकाबलों को ध्यान में रखते हुए खिलाड़ियों ने फ्लड लाइट में भी अभ्यास किया।
दोनों मैदानों पर खिलाड़ियों ने पिच के मिजाज, उछाल और खेल की परिस्थितियों को समझने के लिए अभ्यास किया। खिलाड़ियों को रोटेशन के आधार पर होलकर स्टेडियम में फ्लड लाइट के बीच अभ्यास का मौका दिया गया, ताकि वे मैच के दौरान परिस्थितियों के अनुरूप बेहतर प्रदर्शन कर सकें। डेली कॉलेज मैदान पर बिहार के कप्तान वैभव सूर्यवंशी का अभ्यास अन्य खिलाड़ियों से अलग नजर आया।



