खरगोन-बड़वानी

बड़वानी जिला अस्पताल में पहुंचे संभागायुक्त भास्कर लक्षकार, हेल्प डेस्क पर नक्शा लगाने और दवाइयों का रिकॉर्ड अपडेट रखने के निर्देश

बच्चा वार्ड, एसएनसीयू और महिला चिकित्सालय का किया निरीक्षण, स्वास्थ्य विभाग कार्यालय में सफाई और कर्मचारियों के लंबित भुगतान पर जताई नाराजगी

जनोदय पंच। बड़वानी। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत संभागायुक्त ने जिला चिकित्सालय और स्वास्थ्य विभाग कार्यालय का निरीक्षण किया। मरीजों की सुविधा, दवाइयों की उपलब्धता और आयुष्मान योजना के क्रियान्वयन की समीक्षा की। अधिकारियों को अस्पताल की व्यवस्थाएं सुधारने और कर्मचारियों के लंबित भुगतान समय पर करने के निर्देश दिए।

हेल्प डेस्क के पास अस्पताल का नक्शा लगाने के निर्देश

13 नवंबर 2026 को इंदौर संभागायुक्त श्री भास्कर लक्षकार ने बड़वानी पहुंचकर जिला चिकित्सालय का निरीक्षण किया। उन्होंने हेल्प डेस्क के पास अस्पताल का नक्शा लगाने के निर्देश सिविल सर्जन को दिए, ताकि मरीजों और परिजनों को वार्ड ढूंढने में परेशानी न हो।

बच्चा वार्ड में दवाइयों के रिकॉर्ड की जांच

संभागायुक्त ने बच्चा वार्ड में भर्ती बच्चों के परिजनों से चर्चा कर बीमारी और अस्पताल में मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली। पात्र मरीजों को आयुष्मान योजना का लाभ देने के निर्देश दिए। दवाइयों के स्टॉक रजिस्टर की जांच करते हुए प्रतिदिन रिकॉर्ड अपडेट रखने को कहा। उन्होंने इमरजेंसी ओपीडी, एसएनसीयू वार्ड और महिला चिकित्सालय का भी निरीक्षण किया।

स्वास्थ्य विभाग कार्यालय की सफाई पर जताया असंतोष

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय में साफ-सफाई की व्यवस्था ठीक नहीं मिलने पर संभागायुक्त ने असंतोष जताया। उन्होंने सीएमएचओ डॉ. जयपाल सिंह ठाकुर को सभी शाखाओं में स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए।

लेखा शाखा के निरीक्षण में कैश बुक में प्रतिदिन एंट्री करने और रिकॉर्ड अद्यतन रखने को कहा। साथ ही सेवानिवृत्त कर्मचारियों के जीएफ और ग्रेच्युटी प्रकरण लंबित नहीं रखने तथा कर्मचारियों को वेतन एवं अन्य राशि का समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह सहित स्वास्थ्य एवं राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!