खरगोन में 25 दिन में दूसरी बार भूकंप के झटके, 4.5 तीव्रता से कांपी धरती; घरों से बाहर निकले लोग
3 से 4 सेकंड तक महसूस हुआ कंपन, स्कूल में बच्चों को मैदान में पहुंचाया; प्रशासन ने नुकसान की सूचना से किया इनकार

जनोदय पंच। खरगोन। जिले में शनिवार सुबह एक बार फिर भूकंप के झटके महसूस किए गए। 4.5 तीव्रता के इस भूकंप से करीब 3 से 4 सेकंड तक धरती कांपती रही। अचानक हुए कंपन से लोगों में घबराहट फैल गई और वे घरों से बाहर निकल आए।
25 दिन में दूसरी बार महसूस हुए झटके
खरगोन जिले में 25 दिन के भीतर दूसरी बार भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। इससे पहले 18 अक्टूबर को दोपहर 12:14 बजे 4.1 तीव्रता का भूकंप आया था। दोनों बार भूकंप का केंद्र जमीन से 10 किलोमीटर नीचे दर्ज किया गया। शनिवार सुबह अचानक हुए कंपन के दौरान घरों में रखे सामान भी हिलने लगे।
सोफा खिसका तो परिवार के साथ बाहर आए लोग
दीपक कानूनगो, प्रभुराम मालवी और बसंत सोनी ने बताया कि सुबह अचानक घर में कंपन महसूस हुआ। इस दौरान सोफा अपनी जगह से खिसक गया। घबराकर वे परिवार के साथ घर से बाहर आ गए।
सनावद रोड स्थित अविसंस स्कूल में भी भूकंप का कंपन महसूस किया गया। इसके बाद शिक्षकों ने बच्चों को स्कूल के मैदान में पहुंचाया। बाद में शिक्षकों ने उन्हें भूकंप के दौरान बचाव के तरीके भी बताए।
खरगोन से 23 किलोमीटर दूर था भूकंप का केंद्र
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार, भूकंप का केंद्र 21.590 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 75.552 डिग्री पूर्वी देशांतर पर दर्ज किया गया। यह स्थान खरगोन से करीब 23 किलोमीटर दूर और धामनोद से 69 किलोमीटर दक्षिण में था। भूकंप की गहराई 10 किलोमीटर दर्ज की गई।
एसडीएम ने जुटाई जानकारी, नुकसान की सूचना नहीं
खरगोन एसडीएम सत्येंद्र बैरवा ने बताया कि जिले के कई इलाकों से भूकंप के कंपन महसूस होने की सूचना मिली है। प्रशासन ने इसकी जानकारी जुटाई है। फिलहाल किसी तरह के नुकसान की सूचना नहीं है। लोगों से सतर्क रहने और अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की गई है।



