सेंधवा

सेंधवा अंचल के सबसे दूरस्थ धवली सेक्टर में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ ‘मिशन ग्रीन कमांडो’ का तीसरा चरण

438 स्वास्थ्य कर्मियों के अदम्य साहस और जनसहयोग से धवली सेक्टर के अंतिम छोर तक पहुँचा स्वास्थ्य अमला

रमन बोरखड़े। सेंधवा। सेवा परमो धर्म और जनसेवा ही ईश्वर सेवा है की भावना को चरितार्थ करते हुए जब प्रशासनिक संकल्प और इच्छाशक्ति में समाज के हर वर्ग का सेवाभाव जुड़ जाता है, तो कितनी भी भौगोलिक चुनौतियाँ क्यों न हों, विकास और संवेदनाएँ अंतिम छोर पर बसे व्यक्ति तक पहुँच ही जाती हैं।

मध्यप्रदेश शासन की मंशानुरूप प्रदेश के सबसे दुर्गम और वनांचल क्षेत्रों में अंतिम छोर तक बसे प्रत्येक नागरिक तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं की प्रभावी पहुंच सुनिश्चित की जा रही है। प्रशासनिक कार्ययोजना, स्वास्थ्य अमले के समर्पण और जनसहभागिता के समन्वित प्रयासों से कठिन भौगोलिक चुनौतियों को पार कर हर नागरिक तक बेहतर चिकित्सा सुविधाएं सुलभ कराने के लिए जिला प्रशासन दृढ़ संकल्पित है।

इसी क्रम में, कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह के कुशल नेतृत्व में बड़वानी जिला प्रशासन की अनूठी पहल ‘मिशन ग्रीन कमांडो’ का तीसरा चरण सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस महाअभियान में जहाँ एक ओर प्रशासनिक प्रतिबद्धता और स्वास्थ्य कर्मियों का अदम्य साहस देखने को मिला, वहीं स्थानीय व्यापारिक संघों की ‘मानव सेवा’ ने इसे एक अभूतपूर्व जन-आंदोलन का रूप दे दिया।

वरला के दूरस्थ धवली सेक्टर की भौगोलिक और भू-आकृतिक विशेषताएँ
जिले के दक्षिण में सतपुड़ा की तलहटी और महाराष्ट्र सीमा के पास स्थित वरला तहसील का धवली सेक्टर, जिला मुख्यालय से लगभग 118-120 किमी दूर एक दुर्गम वनांचल क्षेत्र है । जहाँ जनजातीय आबादी पहाड़ियों व ढलानों पर बिखरे मजरों-फल्याओं में निवास करती है। नर्मदा-ताप्ती जलविभाजक के समीप स्थित इस क्षेत्र में गोई, अनेर नदियों के साथ-साथ धवली नाला व अनेक बरसाती नाले प्रवाहित होते हैं।

जबकि तीव्र ढलानों के कारण वर्षा जल के तेजी से बह जाने से जल संरक्षण व आंतरिक फल्याओं तक आवागमन बड़ी भौगोलिक चुनौतियाँ हैं, जिनके समाधान हेतु स्वास्थ्य सेवाओं की पहुँच के लिए विशेष मैदानी प्रयासों की आवश्यकता रहती है। इसी कठिनाई को पार करने एवं उक्त क्षेत्रों में निवासरत ग्रामीणों तक स्वास्थ्य पहुंचाने के लिए कलेक्टर श्रीमति जयति सिंह के नेतृत्व में ग्रीन कमाण्डों के माध्यम से स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाई गई। चुनौतियां कठिन थी, परन्तु टीम वर्क से उक्त चुनौती को पार कर लिया गया।

सेंधवा के वीर बलिदानी खाज्या नायक महाविद्यालय से हुआ शुभारंभ
बुधवार को सेंधवा के वीर बलिदानी खाज्या नायक शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के ग्राउंड से प्रातः 6 बजे इस मिशन को हरी झंडी दिखाकर कलेक्टर श्रीमति सिंह द्वारा रवाना किया गया। इस दौरान 438 समर्पित ग्रीन कमांडो (सीएचओ, एएनएम, आशा और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं) के रूप में गठित 146 स्वास्थ्य टीमों ने आवश्यक मेडिकल किट एवं अन्य सामग्रियों के साथ मैदानी क्षेत्रों के लिए उमंग और उत्साह के साथ प्रस्थान किया।

प्रत्येक स्वास्थ्य टीम के मार्गदर्शन के लिए जिला अधिकारियों को प्रभारी बनाया गया जिनके समन्वय के साथ मिशन का जिले में सफल संचालन हुआ। परिवहन के लिए जिन स्थानों तक चार पहिया वाहनों की पहुंच सुलभ थी वहां चार पहिया वाहनों का प्रयोग किया गया । जहां पहुंच सुलभ नही थी, वहां सरपंच, सचिव, जीआरएस जिन्हें फलिया कार्डिनेटर के रूप में नियुक्त किया गया था। उनके दो पहिया वाहनों का उपयोग किया गया। मुख्यतः ग्राम आमल्यापानी, जुनापानी, बेडसया फल्या, डूबझिरी में।

टीकाकरण और टीम वर्क को बनाया गया अभियान का केंद्रबिंदु
बेहतर माइक्रो प्लानिंग, मैपिंग और रूट चार्ट तैयार किए । स्वास्थ्य टीमों को निर्धारित प्रपत्रों एवं टीकाकरण से छूटे हुए बच्चों तथा गर्भवती महिलाओं की नामजद सूची दी गई। इस महाअभियान का मुख्य फोकस क्षेत्र के हर बच्चे और गर्भवती माता तक स्वास्थ्य सुरक्षा पहुँचाना था। इसके लिए टीकाकरण और जन-स्वास्थ्य परीक्षण को सर्वाेच्च प्राथमिकता दी गई।
कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह ने सीमावर्ती क्षेत्र में पहुंचकर बढ़ाया ग्रीन कमाण्डो का हौंसला

कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह ने स्वयं इस अत्यंत दूरस्थ एवं अंतर्राज्यीय सीमावर्ती क्षेत्र में मैदानी अमले के बीच स्वयं पहुंचकर ग्रीन कमाण्डों का हौंसला बढ़ाया। इस दौरान उन्होने कहा कि टीम वर्क से कोई भी कार्य असंभव नही होता है। दूरस्थ क्षेत्रों में निवासरत लोगों को उनके द्वारा दी गई स्वास्थ्य सेवाएं अत्यंत पुनित एवं सेवा कार्य है। कलेक्टर ने दुर्गम पहाड़ी मार्गों पर पैदल चलकर स्वास्थ्य टीमों के कार्यों का सघन निरीक्षण किया और मैदानी कर्मियों की कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की।

कलेक्टर श्रीमती सिंह ने मैदानी अमले एवं स्थानीय ग्रामीणों से संवाद करते हुए कहा कि यह क्षेत्र हमारे जिले का सबसे दूरस्थ और महाराष्ट्र की अंतर्राज्यीय सीमा से जुड़ा आंचल है, जहाँ की भौगोलिक परिस्थितियां अत्यंत विषम हैं। परंतु हमारे ग्रीन कमांडो ने जिस उच्च कोटि के सेवा भाव, साहस और उत्कृष्ट टीम भावना के साथ यहाँ कार्य किया है, उसने यह सिद्ध कर दिया है कि दृढ़ प्रशासनिक इच्छाशक्ति और सामूहिक प्रयासों के आगे कोई भी दूरी या कठिनाई अवरोध नहीं बन सकती।

सेंधवा के संगठनों का मिला ग्रीन कमाण्डों को सामाजिक सरोकार सहयोग
जिले में सेवा भावना का प्रत्यक्ष उदाहरण बुधवार को मिशन ग्रीन कमाण्डो अभियान के दौरान देखने को मिला। वनांचल के दूरस्थ क्षेत्रों में निवासरत जरूरतमंद नागरिकों की कठिनाइयों को समझते हुए सेंधवा शहर के स्थानीय व्यापारिक संघों ने सहृदयता का परिचय दिया।

किराणा व्यापारी संघ द्वारा जनजातीय अंचल के जरूरतमंद ग्रामीणों के लिए 125 जोड़ी चप्पलें प्रदान की गईं, जिससे पथरीले और कंटीले रास्तों पर नंगे पैर चलने वाले लोगों व बच्चों को बड़ी राहत मिली। काटन व्यापारी संघ द्वारा ठंड के मौसम और स्वास्थ्य सुरक्षा को विशेष ध्यान में रखते हुए बच्चों व महिलाओं के लिए 250 नग स्वेटर वितरित किए गए। साथ ही अन्य सामाजिक संगठनों द्वारा बच्चों के लिए शिक्षण सामग्री का सहयोग जिला प्रशासन को किया गया। जिसका वितरण मिशन ग्रीन कमाण्डों अभियान के दौरान ग्रामीणों को किया।

कलेक्टर श्रीमति जयति सिंह ने सेंधवा की समस्त सामाजिक संगठनों को इस संबंध में धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि हम सभी को अपनी क्षमता अनुसार समाजहित एवं जनकल्याण के कार्यों में सहभागिता निभानी चाहिए। निःस्वार्थ सेवा की भावना से किए गए छोटे-छोटे प्रयास भी समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शासन की मंशा, प्रशासन के दृढ़ संकल्प, स्वास्थ्य कर्मियों के अदम्य साहस और व्यापारियों के जनसहयोग के इस त्रिवेणी संगम ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि जब सरकार और समाज कंधे से कंधा मिलाकर चलते हैं, तो विकास और ममता की किरणें प्रदेश के सबसे दुर्गम अंतिम छोर तक पहुँच जाती हैं।

अभियान की उपलब्धियां
मिशन ग्रीन कमाण्डों अभियान के 3.0 के तहत धवली सेक्टर में 146 टीमों के द्वारा कुल 553 बच्चों का टीकाकरण, 1068 ग्रामीणों की सिकलसेल जांच की गई जिनमें से 104 सिकलसेल पाजिटिव पाये गये। अभियान के दौरान ग्रीम कमाण्डों द्वारा 149 गर्भवती महिलाओं की जांच की गई जिनमें से 104 नवीन गर्भवती महिलाएं पाई गई। वही 85 बच्चों की 4 डी जांच की गई। 30 संभावित मरीज कुष्ठ के पाये गये तथा 52 संभावित मरीज टीबी के पाये गये

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!